बाड़मेर

Rain Alert : राजस्थान के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

Rajasthan Rain Alert : जयपुर मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Aug 05, 2024
Feature image

Rain Alert : प्रदेश में इस वक्त झमाझम बरसात का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने भी आगामी 3 घंटों के लिए नया अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के अनुसार बूंदी, अजमेर, भीलवाड़ा, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, राजसमंद, जालोर और सिरोही जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं जयपुर, टोंक, दौसा, अलवर, सीकर, सवाईमाधोपुर, नागौर, भरतपुर, धौलपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, डुंगरपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और कोटा जिले में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट आज 4 बजे तक मान्य है।

वहीं बाड़मेर में मानसून अब लगातार मेहरबान है। बाड़मेर में दूसरे दिन रविवार सुबह से लेकर दोपहर तक रुक-रुक कर हल्की बरसात होती रही। इस दौरान शहर में छितराई बरसात हुई। आधे में बादल बरसे तो आधा शहर सूखा रह गया। बाड़मेर में सीजन में पिछले दो दिनों से बरसात का दौर जारी है। हालांकि सोमवार को हल्की बरसात हुई, लेकिन बारिश का दौर जारी है। दिन में कभी धूप निकली तो कभी बादल बरसते रहे। वहीं दिन का तापमान करीब 5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 32.6 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रशासन अलर्ट पर

मौसम विभाग ने सोमवार को जिले में कहीं-कहीं भारी बरसात का अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट को लेकर प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। साथ ही आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने बताया कि उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं विकास अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है। समस्त कार्मिकों के अवकाश निरस्त करने के साथ पटवारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को मुख्यालय पर सतर्कता के साथ रहना सुनिश्चित करवाने के लिए निर्देशित किया गया है। सभी जिलेवासियों से अपील की है कि पानी के बहाव वाले मार्गों पर नहीं जाएं।

बारिश के बाद दो हादसे, पांच मासूम डूबे

बाड़मेर व बालोतरा जिले में बरसात के बाद हुए लगातार दो बड़े हादसों ने झकझोर दिया। दिन दहलाने वाले अलग-अलग हादसे में पांच बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। बरसाती पानी ने मासूमों की जान ले ली। पहला हादसा बाड़मेर जिले के गडरारोड़ क्षेत्र के मगरा गांव में हुआ, दो सगे भाई बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। एक भाई ने दूसरे को बचाने का प्रयास किया तो उसका पैर फिसल गया और दोनों की डूबने से मौत हो गई।

वहीं बालोतरा के बुढीवाड़ा गांव में बरसाती नाले में बहने से तीन बच्चे डूब गए। तीनों मासूम एक ही परिवार के है। दो सगे भाई-बहन और एक चचेरा भाई बरसाती नाले में नहाते समय बह गए और कुछ दूरी पर तीनों के शव तैरते मिले। ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। पुलिस को सूचना पर टीम पहुंची और देर रात तीनों के शव बाहर निकाले गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को तीनों बच्चों के शव सुपुर्द किए।

Updated on:
24 Oct 2024 05:47 pm
Published on:
05 Aug 2024 02:07 pm