- हर दिन की दिक्कत, रेलवे नहीं ले रहा नियुक्ति में रुचि
बालोतरा.
यात्री सुविधा को लेकर रेलवे की ओर से बड़े बड़े दाव किए जाते हैं, लेकिन शहर में रेलगाड़ी शुरूआत से आज दिन तक रेलवे ने कुली सुविधा तक शुरू नहीं की है। इस पर औद्योगिक नगर में कारोबार, पंच तीर्थों के दर्शन, मांगलिक आयोजनों में शामिल होने आने वाले सैकड़ों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। भीड़ के बीच सामान लेकर प्लेटफार्म से रेलवे स्टेशन के बाहर आने में बुजुर्गों व महिलाओं को दिक्कत होती है। संतुलन बिगडऩे पर कई जने सामान सहित नीचे गिरते हैं। जरूरत के बावजूद रेलवे के कुली सेवा शुरू नहीं करने से यात्रियों में रोष है।
रेलवे स्टेशन बालोतरा से हर दिन सैकड़ों जने आवाजाही करते हैं। इन यात्रियों को सामान सहित आने-जाने दिक्कत होती है। इसके चलते वे कुली की तलाश करते हैं, लेकिन स्टेशन पर यह सुविधा नहीं होने से उन्हें खुद ही भार उठा कर चलना होता है। यह स्थिति सालों से है और लोग रेलवे से यहां कुली लगाने की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन रेलवे इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। इसका खामियाजा यात्रियों को परेशानी के रूप में चुकाना पड़ रहा है।
अन्य सुविधाओं का भी अभाव- जोधपुर-बाड़मेर-मुनाबाव रेलमार्ग निर्माण को करीब एक सौ वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस मार्ग के रेल स्टेशनों पर जो यात्री सुविधाएं होनी चाहिए, वे नहीं हैं। रेल मार्ग के बड़े स्टेशनों पर पेयजल व बैठने के लिए कुर्सियों की माकूल व्यवस्था नहीं है। रेल उच्चाधिकारी इस स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ है। परेशान व जागरूक लोग भी इन्हें समय-समय पर समस्या से अवगत करवाते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
परेशानी होती है-
रेलवे स्टेशन बालोतरा से हर दिन सैकड़ों जने यात्रा करते हैं। कुली सुविधा के अभाव में प्लेटफार्म से सामान सहित बाहर आने में परेशानी होती है। रेलवे यह सुविधा शुरू करें। - हेमंत शर्मा
कुली की जरूरत-
बालोतरा में कुली की जरूरत है। इस सुविधा के शुरू होने से बुजुर्ग, महिला यात्रियों को फायदा मिलेगा। - राजेश गहलोत
रोजगार भी मिलेगा- बालोतरा में रेल यात्रियों की तादाद काफी रहती है।
कुली सुविधा शुरू होने से बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा, वहीं यात्रियों राहत मिलेगी। - रामसिंह