
Chhattisgarh Road accident: बेमेतरा जिले के देवकर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत के बाद एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सड़क हादसे के बाद जुटी आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ और संभावित पुलिस कार्रवाई के डर से एक मोटरसाइकिल चालक और उसके साथ सवार 13 वर्षीय नाबालिग ने पास ही खेत के रास्ते जाकर नदी में छलांग लगा दी। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया, और पुलिस व गोताखोरों की टीम नदी में छलांग लगाने वालों की तलाश में जुटी रही। सौभाग्य से तेज बहाव के बावजूद दोनों सुरक्षित बच निकले, जिससे परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
हादसे के संबंध में देवकर के वार्ड नंबर 06 निवासी मोटरसाइकिल चालक ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला था। भीड़ के गुस्से से अपनी जान बचाने के लिए वे दोनों खेतों के रास्ते भागते हुए लगभग 1 किलोमीटर दूर स्थित नदी किनारे पहुंचे और सीधे पानी में कूद गए। इसके बाद चालक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया और सीधे देवकर थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटना का निरीक्षण करने के लिए चालक को साथ लेकर तत्काल दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गई।
उधर, 13 वर्षीय नाबालिग ने बताया कि एक्सीडेंट के तुरंत बाद भीड़ से घिर जाने के कारण वे बेहद डर गए थे। नदी में कूदने के बाद पानी का तेज बहाव उसे काफी दूर बहाकर ले गया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे दूसरा किनारा मिला, लेकिन डर के मारे वह पूरी रात नदी के दूसरे छोर पर ही छुपा रहा। अगले दिन स्थिति शांत होने पर वह सुरक्षित अपने घर पहुंचा। गोताखोरों और पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल दोनों युवक सुरक्षित हैं और देवकर पुलिस मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।