बेमेतरा

Bemetara: भुगतान मामले की जांच पर उठे सवाल, फरियादी पहुंचा, नहीं पहुंची जांच टीम… अब धरना-प्रदर्शन की तैयारी

Chhattisgarh News: सुशासन शिविर में की गई शिकायत के बाद गठित जांच समिति भी भुगतान मामले की जांच नहीं कर सकी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिले में कई मामलों में जांच तो होती है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती।
2 min read
Jul 31, 2026
Chhattisgarh News
धरना प्रदर्शन की तैयारी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bemetara News:बेमेतरा जिले के नवागढ़ जनपद पंचायत में पूर्व सीईओ एस महादेवा के कार्यकाल में हुए भुगतान को लेकर नाराज ग्राम कुरा निवासी सतीश मारकंडे ने कैश बुक, बैंक खाते, सहित अन्य भुगतान को लेकर सुशासन शिविर में शिकायत की थी। इस शिकायत पर सीईओ जिला पंचायत ने 13 जुलाई को जिला अंकेक्षक धनराज मेश्राम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए गठित की।

पहले 27 जुलाई को जांच की सूचना दी गई थी। बाद में जांच टीम ने 30 जुलाई को दोपहर 12 बजे जांच की सूचना सतीश मारकंडे को दी। गुरुवार को 12 से दोपहर दो बजे तक जनपद पंचायत में शिकायत व अपना आधार कार्ड लेकर बैठे मारकंडे को कोई जांच टीम नहीं मिली।

टीम नहीं आने की सूचना पर मारकंडे ने जनपद पंचायत में अपनी उपस्थिति का आवेदन दिया। मारकंडे ने बताया कि जांच किसके कारण नहीं की जा रही है, ये लोगों को पता है। अब वे नवागढ़ में तंबू गड़ाएंगे। एक नहीं एक दर्जन मुद्दे की जांच कराएंगे। जनपद पंचायत में दो साल में किए गए भुगतान का केश बुक को दूसरे विभाग के कर्मचारियों से संधारित कराया गया। जनपद से केवल चेक एवं केक का कारोबार हुआ है। स्थानीय निर्वाचन में तेरह लाख का भुगतान स्वेच्छाचारिता का प्रमाण है। जांच रिपोर्ट को दबाने का असफल प्रयास किया जा रहा है।

जांच के लिए कमेटी तो बनती है पर होता कुछ नहीं

बेमेतरा जिले में शिकायत की जांच होगी। जांच पर कार्रवाई होगी। इसकी कोई गारंटी नहीं है। यदि गत ढाई साल का इतिहास उठाकर देखा जाए तो हरेक बड़े फर्जीवाड़े में जांच रिपोट को दबाकर या बचाकर रख दिया गया है। ढाई साल पहले स्कूल जतन योजना की जांच हुई। कलेक्टर कार्यालय में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया पर आज तक एक सब इंजीनियर पर कार्रवाई नहीं हुई। चार गुना कीमत पर खनिज मद से आरओ की खरीदी हुई।

जांच हुई, वसूली के लिए पत्राचार हुआ पर किसी को खरोच नहीं आई। आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षक भर्ती की शिकायत हुई और इंटरव्यू रद्द हुआ पर जांच को आंच नहीं आई। मुलमुला में संचालित पोल्ट्री फार्म की बदबू की शिकायत हुई पर आजतक शिकायतकर्ता जिला पंचायत सदस्य को जवाब नहीं मिला।

स्कूल जतन योजना में पांच माह बाद भी कार्रवाई नहीं

स्कूल जतन योजना में वर्तमान कलेक्टर ने जिले के चारों एसडीएम की अगुवाई में जांच टीम गठित की। पांच माह बाद पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। नवागढ़ जनपद पंचायत में स्थानीय निर्वाचन में नियम विरुद्ध भुगतान हुआ, जांच में पुष्टि हुई लेकिन अब तक भुगतानकर्ता को बचाया जा रहा है फिर जांच से क्या फायदा। साजा ब्लॉक में स्कूल भवन का प्लास्टर गिरा, १७ दिन बाद परिणाम जानने लोग इंतजार कर रहे हैं।

40 रुपए का डस्टबिन एक सौ चालीस में खरीदा गया, शिकायत हुई पर कुछ सामने नहीं आया। अब कम्प्यूटर खरीदी की जांच के लिए टीम गठित की गई है पर जांच रिपोर्ट के बाद क्या होगा, बाकी जांच से अंदाज लगाया जा सकता है।

Updated on:
31 Jul 2026 02:48 pm
Published on:
31 Jul 2026 02:48 pm