जिले की 2093 लोकेशनों में से 1823 लोकेशनों पर आज से बढ़ जाएगी संपत्ति पंजीयन की दरें बैतूल। प्रापर्टी खरीदने और उसकी रजिस्ट्री कराने की दरों में एक अप्रेल यानि आज बढ़ जाएंगी। बैतूल शहर सहित जिले भर में 2093 लोकेशन की जियो टेगिंग की गई हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की कलेक्टर गाइड लाइन […]
बैतूल। प्रापर्टी खरीदने और उसकी रजिस्ट्री कराने की दरों में एक अप्रेल यानि आज बढ़ जाएंगी। बैतूल शहर सहित जिले भर में 2093 लोकेशन की जियो टेगिंग की गई हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की कलेक्टर गाइड लाइन में चिन्हित 1823 लोकेशनों में संपत्ति पंजीयन की दरों में औसत 6.46 फीसदी की वृद्धि की गई है। इनमें से मुलताई की दो लोकेशनों में 100 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। बताया गया कि पूर्व में जिन लोकेशनों में गाइडलाइन की दर से अधिक में संपत्ति पंजीयन हुए थे उनमें सर्वाधिक वृद्धि की गई है। केंद्रीय मूल्यांकन समिति के अनुमोदन के बाद जिले में गाइडलाइन की नवीन दरें एक अप्रेल से प्रभावशील हो जाएगी।
1823 लोकेशनों में की गई वृद्धि
जिले के 1308 क्षेत्रों में दस्तावेजों का पंजीयन गाइड लाइन मूल्य से ज्यादा में हुए हैं। इसलिए इन क्षेत्रों में गाइड लाइन की दरों में वृद्धि की गई है। महानिरीक्षक पंजीयक कार्यालय से उक्त क्षेत्रों की सूची भेजी गई थी, जहां गाइड लाइन की दरों से अधिक में पंजीयन किए गए हैं। इसी आधार पर 1308 लोकेशनों का चयन करते हुए वहां संपत्ति पंजीयन की दरों में 12 प्रतिशत की औसत वृद्धि का प्रस्ताव लिया गया। जिसे एक अप्रेल से लागू कर दिया जाएगा। बताया गया कि बैतूल में 836 लोकेशनों में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि, मुलताई में 291 लोकेशनों में 8.63 प्रतिशत, भैंसदेही की 181 लोकेशनों में 18.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
अंतिम दिन संपत्ति पंजीयन कराने लगी भीड़
जिला पंजीयक कार्यालय में संपत्ति पंजीयन कराने के लिए वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन मंगलवार को काफी भीड़ नजर आई। चूंकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के साथ ही एक अप्रेल से गाइड लाइन की दरों में भी बदलाव हो जाएगा, इसलिए बड़ी संख्या में संपत्ति पंजीयन के लिए लोग उप पंजीयक कार्यालय पहुंचे थे। अंतिम दिन होने की वजह से जमीनों के कई नए सौदे भी हुए हैं। जिनके कारण पंजीयन कराने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जिला पंजीयक कार्यालय को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 113 करोड़ के राजस्व वसूली के लक्ष्य के विरूद्ध महज 96 रुपए का राजस्व मिला है। जिला पंजीयक दिनेश कौशले ने बताया कि वित्तीय वर्ष में संपत्ति पंजीयन की संख्या में गिरावट आने की वजह से लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है।
1818 लोकेशनों में जीरो से पचास फीसदी की वृद्धि
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जो नई गाइड लाइन जारी की गई है उसमें कुल 2093 लोकेशनों में से 1823 लोकेशनों में वृद्धि की गई है। बताया गया कि 270 लोकेशनों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। 6 ऐसी लोकेशन डबल प्रदर्शित हो रही थी जिन्हें अन्य में मर्ज कर दिया गया है। 26 नई लोकेशन जोड़ी गई है। उप जिला मूल्यांकन समिति द्वारा गाइड लाइन में जोड़े गए 10 विशिष्ट ग्राम आमला क्षेत्र के जम्बाड़ा बुजुर्ग, बोरदेही, खेड़लीबाजार, प्रभातपट्टन क्षेत्र के प्रभातपट्टन, मासोद, बिसनूर और मुलताई क्षेत्र के पारडसिंगा, करपा, भिलाई और दुनावा शामिल है। वहीं 31 लोकेशनों में दरो को घटाया गया है। इस प्रकार 1818 लोकेशनों में 0 से 50 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। जबकि 50 से 100 प्रतिशत में 3 और 100 प्रतिशत से ऊपर में मुलताई की 2 लोकेशनों में वृद्धि किया जाना बताया गया है। इस प्रकार कुल 1823 लोकेशनों में 6.46 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
इनका कहना