A huge mango wrestling competition was organised in the Ganj area.
बैतूल। गंज हनुमान व्यायाम शाला के तत्वावधान में रविवार को गंज क्षेत्र में विशाल आम दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इस कुश्ती स्पर्धा में मध्यप्रदेश सहित दिल्ली, हरियाणा और मंडीदीप जैसे क्षेत्रों से आए नामी पहलवानों ने भाग लिया। सुबह से ही अखाड़े में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर मुकाबले में जोरदार उत्साह देखने को मिला।
देर शाम बैतूल केसरी के खिताब के लिए फाइनल मुकाबला हरदा के देवेंद्र बिश्नोई और दिल्ली के विकास तोमर के बीच हुआ। दोनों ही पहलवानों ने शुरुआत से आक्रामक कुश्ती लड़ी। पहले पांच मिनट तक चले मुकाबले में कोई भी पहलवान निर्णायक बढ़त नहीं बना सका। इसके बाद निर्णायकों द्वारा अतिरिक्त समय दिया गया। अतिरिक्त समय में मुकाबला पॉइंट के आधार पर तय किया गया, जिसमें देवेंद्र बिश्नोई ने पहला और निर्णायक पॉइंट हासिल कर लिया। इसी के साथ उन्हें बैतूल केसरी घोषित किया गया, जबकि विकास तोमर को उपविजेता संतोष करना पड़ा।
आम दंगल के अन्य मुकाबले भी काफी रोमांचक रहे। 61 से 72 किलोग्राम वजन वर्ग में बैतूल के शोहराब परमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडीदीप के बजरंगी पहलवान को शिकस्त दी और प्रथम स्थान प्राप्त किया। 72 से 85 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा के भरत और मंडीदीप के आर्यन के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें भरत विजयी रहे। 50 से 60 किलोग्राम वजन वर्ग में बैतूल के लखन पहलवान ने मंडीदीप के आकाश को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं 0 से 50 किलोग्राम वर्ग में बैतूल के कृष्णा पहलवान ने अचलपुर के पहलवान को पराजित कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
स्पर्धा की खास बात यह रही कि महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में अपना दमखम दिखाया। महिला मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और साहस का परिचय दिया, जिसे देखकर दर्शक खासे प्रभावित हुए और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
कुश्ती में हरदा अचलपुर छिंदवाड़ा, बैतूल दिल्ली हरियाणा आदि जगह के पहलवानों ने कुश्ती का प्रदर्शन किया। जय हनुमान धर्मशाला के पहलवान विनोद बुंदेले ने बताया आम दंगल का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान गंज क्षेत्र में कुश्ती प्रेमियों का उत्साह बना रहा।