
Bharatpur Crime : भरतपुर। पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में अब पुलिस डीवीआर के आधार पर आरोपियों की पहचान करेगी। अनुसंधान अधिकारी ने गुरुवार को दिल्ली पहुंचकर पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना के बयान दर्ज किए। बोलने में असमर्थता के चलते उनके बयान लिखित में लिए गए। परिजन ने पुलिस को डीवीआर भी सौंपी है। उधर, पुलिस ने दो और आरोपियों जगत सिंह और हरकेश को डांग के जंगलों से गिरफ्तार किया है। दोनों एफआआर में नामजद हैं। मामले में अब तक पुलिस 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर की शाम वैर थाना क्षेत्र के गांव भौंड़ा स्थित खनन लीज पर विवाद के दौरान हमलावरों ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमला कर दिया था। जयपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई थी। पत्नी ने 64 नामजद सहित अन्य हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
कमलेश भड़ाना ने बयानों में एफआइआर में दर्ज घटनाक्रम को ही दोहराया। परिजन के अनुसार, वारदात के दौरान हमलावर बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। पति पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना को बचाने पहुंचीं कमलेश को भी धक्का मारा गया और मारपीट की गई।
दिल्ली में सीओ कैलाश चौधरी ने कमलेश भड़ाना के बयान दर्ज किए हैं। परिजन ने डीवीआर भी सौंपी है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी।
राजेश मीना, एसपी भरतपुर
उधर, पुलिस ने दो और आरोपियों जगत सिंह और हरकेश को डांग के जंगलों से गिरफ्तार किया है। दोनों एफआआर में नामजद हैं। मामले में अब तक पुलिस 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
वैर के भौंडा गांव में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड के मामले में वैर थाने के थानाधिकारी और टीआइ कांस्टेबल को सस्पेंड किया जा चुका है, जबकि दो आरपीएस अधिकारियों को एपीओ किया गया था। इन पर इस सनसनीखेज हत्याकांड में लापरवाही बरतने का आरोप है।