भरतपुर

Bharatpur UP Zila Pramukh : भरतपुर में भाजपा को दूसरा झटका, कांग्रेस के राजेश कुमार बने उप जिला प्रमुख

Bharatpur UP Zila Pramukh : भरतपुर. जिला परिषद की सियासत में कांग्रेस ने लगातार दूसरे दिन भाजपा को मात देकर अपनी ताकत का नया संदेश दिया। उप जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस के राजेश कुमार 9 मतों से विजयी रहे।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 7:34 PM IST
bharatpur up zila pramukh result congress rajesh kumar elected
Bharatpur UP Zila Pramukh : कांग्रेस के राजेश कुमार। फोटो पत्रिका

Bharatpur UP Zila Pramukh : भरतपुर. जिला परिषद की सियासत में कांग्रेस ने लगातार दूसरे दिन भाजपा को मात देकर अपनी ताकत का नया संदेश दिया। बुधवार को जिला प्रमुख की कुर्सी भाजपा के हाथ से छीनने के बाद गुरुवार को कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख का पद भी अपने खाते में डाल लिया। कांग्रेस के राजेश कुमार 9 मतों से विजयी रहे। राजेश कुमार को 20 तथा भाजपा के दिनेश भातरा को 11 मत मिले। यानि पिछले करीब 24 घंटे के अंतराल में भाजपा के खेमे से तीन वोट और निकल गए।

खास बात यह रही कि जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस को मिले 17 वोट गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव में बढ़कर 20 हो गए। यानि एक दिन में कांग्रेस के समर्थन में तीन मतों का इजाफा हुआ। यह बढ़त केवल जीत का आंकड़ा नहीं, बल्कि जिला परिषद के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत भी है।

उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के वार्ड नंबर 3 के सदस्य राजेश कुमार ने भाजपा के वार्ड नंबर 25 के सदस्य दिनेश भातरा को 20-11 के अंतर से शिकस्त दी। दो दिन में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पद कांग्रेस के पास पहुंचने से भाजपा के लिए जिला परिषद में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

21 सदस्यों वाली कांग्रेस को 17 से 20 तक का सफर

जिला परिषद के 31 वार्डों में कांग्रेस के 21, भाजपा के 9 और रालोद का एक सदस्य निर्वाचित हुआ था। संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस पहले से मजबूत थी, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में उसके 18 सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। इनमें एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस प्रत्याशी रानूबाला को 17 वोट मिले। भाजपा की पूजा को 14 मत मिले और कांग्रेस ने तीन मतों के अंतर से जीत दर्ज की। गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के राजेश कुमार को 20 मत मिले। इससे कांग्रेस के खेमे में समर्थन बढऩे का संकेत मिला, जबकि भाजपा अपने घोषित संख्या बल और संभावित राजनीतिक समीकरणों के बावजूद 11 मतों पर सिमट गई।

27 नवंबर को प्रधान का चुनाव

राजस्थान में प्रधान पद के लिए 27 नवंबर को सुबह 10 बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा और निर्वाचित प्रधान को शपथ दिलाई जाएगी।

जिला प्रमुख चुनाव : कांग्रेस ने 24 सीट पर कब्जा जमाया

जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में महिला शक्ति, युवा नेतृत्व और सियासी उलटफेर की दिलचस्प तस्वीर सामने आई। प्रदेश के 37 जिलों में 26 की कमान महिलाओं के हाथों में आई। जैसलमेर में महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं, वहीं दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में महिला प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई। कहीं बहुमत के बावजूद पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा तो कहीं एक वोट ने जीत-हार का फैसला कर दिया। डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में बराबरी के बाद लॉटरी से जिला प्रमुख चुने गए। निर्दलीयों की भूमिका और क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने भी कई जगह चुनावी गणित को रोचक बनाया। इन नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में नए चेहरों और बदलते सियासी समीकरणों की झलक दिखाई। प्रदेश में 37 जिलों में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने 2 और 1 जिले में आरएलपी ने प्रमुख पद पर कब्जा किया।