
Deeg Twin Brothers Murder Case: जिन बेटों की जिंदगी से पिता का साया पहले ही उठ चुका था, उन्हें मां के आंचल में सहारे और सुरक्षा की उम्मीद थी। लेकिन डीग जिले के बड़ेसरा गांव में 13 वर्षीय जुड़वा भाइयों विनय और विष्णु की हत्या के मामले में उनकी मां प्रीति पर ही आरोप लगा है। पुलिस ने प्रीति और उसके कथित प्रेमी राजेश को गिरफ्तार किया है।
वारदात के बाद प्रीति करीब चार घंटे तक पुलिस को कोसती रही, लेकिन जांच घर के भीतर पहुंची तो शक की दिशा बदल गई। एक दिन पहले गांव में ज्वार-बाजरे के पूंज में दोनों भाइयों के शव मिलने की खबर ने सभी को झकझोर दिया था। दोनों की गला रेतकर और शरीर पर कई वार कर हत्या की गई थी।
दो मासूम जिंदगियों के इस तरह खत्म होने से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एसपी के अनुसार, जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विनय और विष्णु के पिता निरंजन सिंह का करीब आठ साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद दोनों अपनी मां के साथ ननिहाल में नाना घनश्याम चौधरी के घर रह रहे थे। चार भाई-बहनों में सबसे छोटे जुड़वां भाइयों की उम्र महज 13 साल थी। उनकी बड़ी बहन 18 साल की और एक भाई 16 साल का है। पिता के निधन के बाद मां ही उनके लिए सबसे बड़ा सहारा थी, लेकिन अब उन्हीं की हत्या के मामले में मां पर आरोप लगा है।
पुलिस के अनुसार, प्रीति और बड़ेसरा निवासी राजेश के बीच लंबे समय से कथित प्रेम संबंध थे। राजेश की पत्नी की करीब सात दिन पहले मौत हुई थी। पुलिस इस घटनाक्रम और दोनों आरोपियों के बीच संबंधों सहित वारदात के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को घर से भी हत्या से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। कपड़ों और वारदात में इस्तेमाल किए जाने के संदेह वाले हथियार सहित अन्य सामग्री को सुरक्षित किया गया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पूछताछ व जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि प्रीति पिछले पांच-छह साल से गांव में रह रही थी और राजेश के साथ उसे कई बार देखा गया था। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि कथित प्रेम संबंध इस वारदात की वजह बने या नहीं।