भरतपुर

Rajasthan Accident: पिता को खाना देने आए बेटे की दर्दनाक मौत, 19 साल के युवक को ट्रैक्टर ने कुचला, परिवार में कोहराम

Bharatpur Road Accident: बयाना में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आए छात्र की जान चली गई, घटना सीसीटीवी में कैद हुई।
2 min read
Apr 09, 2026
Bayana accident, Rajasthan news, IIT aspirant death, tractor accident, road safety, tragic incident, teen death, Damdama Road, Jaipur student, runaway tractor, bike damaged, police investigation, CCTV footage, family tragedy, local news Rajasthan, Rajasthan Accident, Bharatpur Road Accident
मृतक तरुण सैन। फाइल फोटो- पत्रिका

बयाना। बयाना कस्बे के वेयर हाउस रोड पर हुआ एक दर्दनाक हादसा एक परिवार की दुनिया उजाड़ गया। महज 19 साल का तरुण, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए जयपुर में रहकर आईआईटी की तैयारी कर रहा था, एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आकर हमेशा के लिए खामोश हो गया। इस हादसे ने न केवल एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को भी स्तब्ध कर दिया है।

यह वीडियो भी देखें

दुकान के बाहर बाइक पर बैठा था युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तरुण अपने पिता को खाना देने के लिए उनकी दुकान पर आया था। खाना देने के बाद वह दुकान के बाहर बाइक पर बैठा ही था कि अचानक तेज रफ्तार और बेकाबू हुआ ट्रैक्टर उसकी ओर बढ़ा और उसे रौंदता हुआ निकल गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ नजर आता है कि तरुण खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाता।

मौके पर अफरा-तफरी मची

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल तरुण को बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर का माहौल शोक में डूब गया।

परिवार का सबसे छोटा बेटा

मृतक की पहचान दमदमा रोड निवासी ओमप्रकाश सैन के बेटे तरुण के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था और महज तीन दिन पहले ही जयपुर से अपने घर लौटा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी घर वापसी साबित होगी। हादसे के दौरान ट्रैक्टर ने पास खड़ी एक अन्य बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

बयाना थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गुरुवार शाम को गमगीन माहौल में तरुण का अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
09 Apr 2026 08:19 pm
Published on:
09 Apr 2026 08:19 pm