संसदीय सचिव व साजा विधायक लाभचंद बाफना के भाई ने सोमवार सुबह आरटीओ के फ्लाइंग स्कॉर्ट से जमकर मारपीट की।
भिलाई. संसदीय सचिव व साजा विधायक लाभचंद बाफना के भाई ने सोमवार सुबह आरटीओ के फ्लाइंग स्कॉर्ट से जमकर मारपीट की। विधायक के भाई अशोक बाफना ने बीच सड़क दादागिरी दिखाते हुए एएसआई प्रशांत शर्मा और जवान बर्मन से मारपीट की। वे एबीए ट्रांसपोर्ट के तहत चलने वाली हाइवा की जांच से नाराज थे। गाड़ी के कागजात पूरे नहीं होने की बात पर आक्रोशित होकर आरटीओ टीम से मारपीट करने लगे।
इसलिए बिगड़ा मामला
अहिवारा के ग्राम देऊर झाल के पास आरटीओ की फ्लाइंग स्कार्ट ने एसीसी से माल लोडकर जाती हाइवा को रोका। मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइंग स्कॉर्ट ने जब हाइवा चालक से गाड़ी के पेपर और बाकी डॉक्यूमेंट दिखाने कहा तो उसने सीधे एबीए ट्रांसपोर्ट के अशोक बाफना को फोन लगा दिया। इसी बीच आरटीओ की टीम कागजों में अनियमितता को लेकर वाहन चालक को नंदिनी थाने लेकर जाने लगी। रास्ते में अशोक बाफना टीम से मारपीट करने लगा। जिसके बाद दोनों पक्ष नंदिनी थाने पहुंच गए।
नंदिनी थाने पहुंचा मामला
आरटीओ फ्लाइंग स्कार्ट टीम मारपीट की शिकायत लेकर नंदिनी थाने पहुंची। जहां विधायक के भाई ने राजनीतिक रसूख दिखाते हुए उल्टा सारा मामला आरटीओ टीम पर मड़ दिया। पुलिस के सामने दावा करने लगा कि हाइवा के सभी कागज ठीक है। आरटीओ टीम जबरदस्ती परेशान कर रही थी। मिली जानकारी के अनुसार मारपीट के शिकार हुए एएसआई प्रशांत शर्मा और जवान वर्मन ने एफआईआर दर्ज करवाने का प्रयास किया लेकिन एफआईआर से पहले ही दोनों पक्षों को समझौते के लिए विधायक लाभचंद बाफना के पास भेज दिया गया।
मारपीट से बेखबर एआरटीओ
आरटीओ फ्लाइंग स्कॉर्ट टीम से सोमवार सुबह ६ बजे हुई मारपीट की घटना से एआरटीओ श्रीकांत वर्मा पूरी तरह बेखबर हैं। पत्रिका से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास अभी तक किसी भी तरह के मारपीट की सूचना नहीं आई है। इस पूरे मामले को संझान में लेकर अपने स्तर पर जांच करेंगे। बतां दें कि इसके पहले भी जिले में राजनीतिक रसूखदारों की सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी है।