भिलाई

दिवाली से पहले निगमों में आर्थिक तंगी! प्लेसमेंट कर्मियों को नहीं मिला अक्टूबर का वेतन, खुशियों पर संकट का साया

CG Salary Pending: भिलाई, दुर्ग, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगम के नियमित व प्लेसमेंट कर्मियों को अक्टूबर का वेतन नहीं मिला है।

2 min read
Oct 16, 2025
442000 wheat farmers in MP will benefit from the MSP increase- demo pic

CG Salary Pending: छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में दीपावली की रौनक बाजारों में दिख रही है, लेकिन नगर निगमों के कर्मचारियों के घरों में चिंता का माहौल है। भिलाई, दुर्ग, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगम के नियमित व प्लेसमेंट कर्मियों को अक्टूबर का वेतन नहीं मिला है। चारों निकायों की माली हालत खस्ता है, जिसके चलते त्योहार से पहले भी वेतन भुगतान अधर में है।

CG Salary Pending: खुशियों पर छाया आर्थिक संकट का साया

दीपावली के ठीक पहले ऐसी स्थिति यह दिखाती है कि स्थानीय निकायों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए टैक्स कलेक्शन और राजस्व के वैकल्पिक स्रोतों पर ध्यान देना जरूरी है। कर्मियों की वेतन देरी न केवल मनोबल गिराती है, बल्कि निकाय व्यवस्था पर भी सवाल उठाती है। आमतौर पर हर बार त्योहार के पहले ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता है, इसके बावजूद जिम्मेदार इसे गम्भीरता नहीं लेते।

दुर्ग निगम : टैक्स वसूली पर टिकी उम्मीद

नगर निगम, दुर्ग में भी 50 नियमित और करीब 1300 प्लेसमेंट कर्मी हैं। यहां हर माह वेतन पर लगभग 2.15 करोड़ रुपए खर्च होते हैं। निगम की आय सीमित है और टैक्स वसूली से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। निगम प्रशासन लगातार बाकायादारों से वसूली के लिए दबाव भी बनाता रहा है।

रिसाली निगम में करीब 200 नियमित और प्लेसमेंट कर्मी हैं, जिनका संयुक्त वेतन लगभग 75 लाख रुपए मासिक है। प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी मुकेश देशमुख के अनुसार दो दिनों में सभी कर्मियों को वेतन भुगतान कर दिया जाएगा।

प्लेसमेंट कर्मियों को अब तक नहीं मिला अक्टूबर का वेतन

नगर निगम, भिलाई की आर्थिक स्थिति सबसे खराब बताई जा रही है। प्रॉपर्टी टैक्स वसूली करने वाली एजेंसी अपने लक्ष्य से काफी पीछे है। नतीजतन 1500 से अधिक प्लेसमेंट कर्मियों का भुगतान अटक गया है। आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने निर्देश दिया है कि त्योहार से पहले प्लेसमेंट कर्मियों के खातों में भी वेतन पहुंच जाएगा। निगम में करीब 800 नियमित कर्मचारी हैं, जिनके वेतन और पीएफ पर हर माह लगभग 4 करोड़ रुपए का व्यय होता है।

15 तारीख बीती, अब भी इंतजार

भिलाई-चरोदा निगम में 148 नियमित और 220 प्लेसमेंट कर्मी कार्यरत हैं। इनका मासिक वेतन लगभग 1.25 करोड़ रुपए है। शासन ने सात अक्टूबर तक भुगतान के निर्देश दिए थे, पर अब 15 तारीख गुजरने के बाद भी वेतन नहीं मिल पाया है। कर्मचारी उम्मीद लगाए हैं कि दीपावली से पहले भुगतान हो जाएगा।

Updated on:
16 Oct 2025 02:33 pm
Published on:
16 Oct 2025 02:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर