
Monsoon In Chhattisgarh: वापसी की बेला में मानसून झमाझम बरस रहा है। मंगलवार की रात दुर्ग में 76.4 मिमी. यानी तीन इंच बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद बुधवार की शाम को भी जिले में अधिकांश हिस्सों में करीब आधा घंटा गरज-चमक के साथ जोरदार पानी बरसा है। हालांकि, इससे अधिकतम तापमान में बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ा है।
वहीं दिन का पारा अभी भी औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी पर 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट बनी हुई है। पारा सामान्य से 5.5 डिग्री नीचे हैं। रात में तापमान 18.6 डिग्री मापा गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दिन में ह्युमिडिटी का स्तर 90 फीसदी रिकॉर्ड किया गया है, जिससे दिनभर उमस परेशान कर रही है।
मौसम विभाग ने कहा है कि, अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश जारी रहेगी। मेधगर्जन की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने ग्रामीण क्षेत्रों के आसपास बिजली गिरने की संख्या में वृद्धि की भी संभावना जताई है।
भू-अभिलेख शाखा के आंकड़ों के मुताबिक जिले में 1 जून से 10 सितंबर तक 769.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। सर्वाधिक वर्षा 1091 मिमी पाटन व वहीं न्यूनतम 555.8 मिमी. धमधा में दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील बोरी में 676.8 मिमी बारिश ४० दिनों में हुई। तहसील अहिवारा में 761.9 मिमी, तहसील भिलाई-3 में 722.2 मिमी और तहसील दुर्ग में 809.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
स्थान - पारा अधिकतम - न्यूनतम - वर्षा
माना एयरपोर्ट - 33.4 - 26.2 - 00
बिलासपुर - 34.4 - 26.2 - 00
पेंड्ररोड - 31.7 - 21.8 - 35.2
अंबिकापुर - 31.7 - 22.4 - 10.9
जगदलपुर - 32.6 - 23.4 - 36.0
दुर्ग - 32.6 - 18.6 - 76.4
राजनांदगांव - 32.2 - 22.5 - 0.8