भीलवाड़ा

Bhilwara Accident: पीहर जा रही गर्भवती महिला की सड़क हादसे में मौत, ससुर की हालत गंभीर

अजमेर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-48 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। तीन माह की गर्भवती विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे पीहर छोड़ने जा रहे ससुर गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
2 min read
Jul 11, 2026
Bhilwara Accident
Bhilwara Accident: मृतका पूजा देवी (फाइल फोटो-पत्रिका)

भीलवाड़ा। अजमेर-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय पूजा देवी वैष्णव की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन माह की गर्भवती पूजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ बाइक पर सवार ससुर ओमप्रकाश वैष्णव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। विवाहिता पीहर जा रही थी, जिस दौरान यह हादसा हो गया।

घर में आने वाली खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, सरेरी बांध निवासी पूजा देवी अपने ससुर ओमप्रकाश वैष्णव के साथ मोटरसाइकिल से अपने पीहर जवानपुरा जा रही थीं। परिवार में आने वाले नए मेहमान को लेकर खुशियों का माहौल था। पूजा तीन माह की गर्भवती थीं और पूरे परिवार को छह माह बाद घर में किलकारी गूंजने का इंतजार था। लेकिन रास्ते में हुए एक हादसे ने पलभर में सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।

हादसे में घायल पूजा के ससुर (फोटो-पत्रिका)

अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर

पुलिस के अनुसार, आशीर्वाद होटल के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पूजा देवी के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

ससुर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे

हादसे में घायल ओमप्रकाश वैष्णव को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। परिवार के लोग अस्पताल में उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। वहीं गर्भवती की मौत के बाद उसके ससुराल और पीहर में दुख का महौल है। आसपास के लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

यह वीडियो भी देखें :

अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

गुलाबपुरा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Updated on:
11 Jul 2026 10:53 pm
Published on:
11 Jul 2026 10:04 pm