भीलवाड़ा

बस के इंतजार में स्टैंड पर खड़े यात्री से मारपीट, ग्रामीणों ने आधी रात को पुलिस चौकी को घेरा

बस के इंतजार में बैठे यात्री के साथ मारपीट व नकदी छीनने के मामले में ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घेराव किया
2 min read
Bhilwara, bhilwara news, Assaulting passenger in bhilwara, Latest news in bhilwara, bhilwara hindi news, Latest hindi news in bhilwara
अमरगढ़ में बस स्‍टैंड पर यात्री से मारपीट के बाद हंगामा करते ग्रामीणों को समझाते थाना प्रभारी

अमरगढ़।

बस के इंतजार में बैठे यात्री के साथ मारपीट व नकदी छीनने के मामले में ग्रामीणों ने आधी रात को पुलिस चौकी का घेराव किया। ग्रामीणों ने शराब ठेका सेल्समैन व साथी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर देर रात शक्करगढ़ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।


जानकारी के अनुसार अमरगढ़ निवासी गोविंद जयपुर जाने के लिए अमरगढ़ बस स्टैंड पर बैठे बस का इंतजार कर रहा था। निकट ही शराब ठेका सेल्समैन व उसके साथी ने शराब के नशे में गोविंद के पास आए और मारपीट करनी शुरू कर दी। यात्री गोविंद ने आरोप लगाया कि उसके साथ दोनों ने मारपीट कर नगदी छीन कर भाग गए। युवक के मदद के लिए चिल्लाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसका पता चलने पर अमरगढ़ सरपंच लक्ष्मण सिंह चपलोत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण अमरगढ़ चौकी पर एकत्रित हो गए और चौकी का घेराव कर सेल्समैन के खिलाफ रिपोर्ट दी।

ग्रामीणों ने ठेके को बस स्टैंड से हटाने और सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीण थानाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दशरथ सिंह ने करीब एक घंटे तक ग्रामीणों को समझाया तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीण माने। पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के आने पर मौके से भाग आरोपित
गोविंद के मदद के लिए चिल्लाने पर आरोपित मौके से भाग गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। ग्रामीण सरपंच के नेतृत्व में पुलिस चौकी पहुंचे तथा यात्री के साथ मारपीट व नकदी छीनने के आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

Published on:
06 Oct 2017 02:43 pm
Also Read
View All