भीलवाड़ा

अवैध खनन के 171 प्रकरण के साथ भीलवाड़ा राज्य में अव्वल

भीलवाड़ा जिले में चलाए गए अवैध खनन अभियान के दौरान अब तक 171 जगह कार्रवाई कर राज्य में भीलवाड़ा अव्वल बना हुआ है।
less than 1 minute read
Feb 03, 2024
अवैध खनन के 171 प्रकरण के साथ भीलवाड़ा राज्य में अव्वल
अवैध खनन के 171 प्रकरण के साथ भीलवाड़ा राज्य में अव्वल

भीलवाड़ा जिले में चलाए गए अवैध खनन अभियान के दौरान अब तक 171 जगह कार्रवाई कर राज्य में भीलवाड़ा अव्वल बना हुआ है। कार्रवाई के दौरान 11 हजार 680 टन खनिज जब्त कर 1.26 करोड़ का जुर्माना वसूला गया। 87 वाहन व मशीनरी भी जब्त की है।

कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खनि अभियंता जिनेश हुमड ने बताया कि जिले में संयुक्त जांच दल ने 85 अवैध खनन, 61 अवैध परिवहन तथा अवैध भंडारण के 19 मामले समेत कुल 171 प्रकरण बनाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, एएसपी विमलसिंह, उपखण्ड अधिकारी आव्हाद सोमनाथ, जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी मौजूद थे।

35 टन गारनेट व दो सेपरेटर मशीन की जब्त
भीलवाड़ा जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी है। कलक्टर नमित मेहता एवं पुलिस अधीक्षक श्यामसिंह ने बीगोद के नई आबादी क्षेत्र में स्थित गारनेट फैक्ट्री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 15 टन शुद्ध गारनेट 20 टन मिश्रित गारनेट जब्त किया। दो सेपरेटर मशीन जब्त की। कलक्टर ने मौके पर उपखंड अधिकारी को फैक्ट्री सील करने और मशीनें जब्त करने के निर्देश दिए। कलक्टर ने उपखंड अधिकारी को क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही अन्य गारनेट फैक्ट्रियों को भी सील करने को कहा है। अधिकारियों ने जालियां, प्रतापपुरा में बनास नदी के पेटे का निरीक्षण कर अवैध बजरी खनन रोकने को कहा। मेहता ने अधिकारियों से कहा कि अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ मशीनें व उपकरणों को जब्त करें। एसपी सिंह ने भी सभी पुलिस वृताधिकारी को अवैध खनन के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने तथा एफआईआर दर्ज करने को कहा। एसडीएम सुभाष यादव, तहसीलदार राहुल धाकड़, सीओ सुनील सिहाग, खनि अभियंता बिजौलिया प्रकाश माली मौजूद थे।

Updated on:
03 Feb 2024 08:33 am
Published on:
03 Feb 2024 08:32 am