बड़ी लापरवाही:करोड़ों के बजट का हिसाब नहीं, भीलवाड़ा समेत नौ जिलों के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस शिक्षा परिषद सख्त: तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण, पोर्टल पर खर्च का ब्यौरा नहीं देने पर गिरेगी गाज प्रदेश के सरकारी आवासीय विद्यालयों केजीबीवी और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस विद्यालय के संचालन के लिए आवंटित करोड़ों रुपए के […]
प्रदेश के सरकारी आवासीय विद्यालयों केजीबीवी और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस विद्यालय के संचालन के लिए आवंटित करोड़ों रुपए के बजट को खर्च करने और उसका हिसाब पोर्टल पर दर्ज करने में भारी लापरवाही सामने आई है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने मामले में भीलवाड़ा, पाली, दौसा, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर और श्रीगंगानगर समेत नौ जिलों के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयकों (एडीपीसी) को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया है। राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त अनुपमा जोरवाल की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट कहा कि इन जिलों ने प्रबंध पोर्टल पर व्यय की प्रविष्टि नहीं की है। इसे विभाग ने प्रशासनिक विफलता, पर्यवेक्षणीय उदासीनता और वित्तीय लापरवाही माना है। इससे पहले भी एडीपीसी कल्पना शर्मा को नोटिस मिल चुका है।
परिषद ने सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न पत्रों के माध्यम से जुलाई से दिसंबर 2025 तक करोड़ों की राशि जारी की थी। नियम के मुताबिक, आवंटित राशि को एसएनए पोर्टल के माध्यम से खर्च कर उसकी प्रविष्टि प्रबंध पोर्टल पर करनी थी। समीक्षा में पाया गया कि इन जिलों में प्रगति 'शून्य' या बेहद 'न्यून' है। नोटिस में फटकार लगाते हुए कहा गया है कि बजट होने के बावजूद उसका उपयोग न करना आवासीय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के हितों के साथ खिलवाड़ है।
जोरवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देने और पोर्टल पर हिसाब अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो अधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जोरवाल ने भीलवाड़ा की अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा कल्पना शर्मा समेत नौ जिलों को नोटिस जारी किए। भीलवाड़ा जिले में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस विद्यालय छात्रावास का निर्माण जहाजपुर मॉडल स्कूल के पीछे हो रहा है। जबकि केजीबीवी 12 ब्लॉक में है।
नोटिस एक सामान्य प्रक्रिया है। जो राशि खर्च की हर माह एंट्री प्रबंध पोर्टल पर करनी थी। समय पर न करने पर एपीसी एवं सिविल कार्य की एंट्री के लिए सहायक अभियंता को निर्देश दिए है।
- कल्पना शर्मा, एडीपीसी भीलवाड़ा