- होली पर भीलवाड़ा को कई सौगात
Bhilwara news : मुख्यमंत्री ने बजट सत्र में जवाब देते हुए बुधवार को कई घोषणाएं की है। इसमें भीलवाड़ा को भी कई सौगात मिली है। हालांकि कई घोषणा तो ऐसी है जो पहले से ही सरकार ने कर रखी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा जिला कारागृह को शहर से बाहर स्थापित करने की घोषणा की है। जबकि सरकार ने इसका निर्णय दस साल पहले ही कर लिया था। इसके लिए सांगानेर-पालड़ी की तरफ जगह भी पन्द्रह साल पहले जमीन चयनित कर रखी है। लेकिन सरकार की तरफ से बजट नहीं मिलने से नई जेल भवन निर्माण का मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।
भीलवाड़ा मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स
मुख्यमत्री ने भीलवाड़ा में मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की घोषणा की है। इसके लिए पहले से ही नगर विकास न्यास की ओर से सुखाडि़या स्टेडियम के निकट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाने की घोषणा हो चुकी है। इसके लिए प्रयास भी चल रहे है।
गांधीनगर चौकी होगी पुलिस थाना
गांधीनगर पुलिस चौकी को थाने में क्रमोन्नत किया। इसके साथ ही भीलवाड़ा शहर में पुलिस थानों की संख्या बढ़ कर पांच हो जाएगी। शहर में अभी प्रतापनगर, कोतवाली, भीमगंज व सुभाषनगर थाना है।
जिले में दो और नगर पालिका
भीलवाड़ा जिले में दो ओर नगर पालिका मिली है। यह बीगोद व बनेड़ा में खुलेगी। जिले में नगर पालिका की संख्या आठ से बढ़ कर दस हो जाएगी। भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में कैंसर यूनिट की स्थापना की घोषणा की गई है। जबकि अस्पताल में पहले से ही कैंसर यूनिट चल रहा है।
पीपलूंद में कृषि महाविद्यालय
जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र पीपलूंद में कृषि महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा की है। जहाजपुर क्षेत्र के रूणिया बरड़ा, भवानीपुरा, सरसिया, रीको पीपलूंद के लिए जल आपूर्ति योजना पर 25 करोड़ व्यय किए जाएंगे। जहाजपुर क्षेत्र के जामलपुरा चौराहे से रावत खेड़ा, छाबडि़या, भुवाना तेजा का बरड़ा, भवानी पुरा एनएच 148 डी 12 किलोमीटर निर्माण पर 18 करोड़ व्यय होंगे। ठिटोड़ा से ठेलेश्वर महादेव मंदिर के समीप लद्यु सिंचाई परियोजना के डीपीआर के लिए एक करोड़ रुपए स्वीकृत किए।
शाहपुरा में एससी-एसटी कोर्ट
मुख्यमंत्री ने शाहपुरा में नया एससी-एसटी का विशेष न्यायालय खोलने की घोषणा की है। वही शाहपुरा में ही राजस्व अपीलीय न्यायालय (कैम्प कोर्ट) खोला जाएगा। इसके अलावा शाहपुरा के जिला चिकित्सालय में बैड की संख्या भी बढ़ाने की घोषणा की है। बड़लियास को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया।
इनकी भी हुई घोषणा
रायपुर के बोरियापुरा में 33 केवी जीएसएस तथा मांडलगढ़ के बड़लियास में 132 केवी जीएसएस की स्थापना होगी। जिले के गंगपुर पशु चिकित्सालय को पोलीक्लिनिक चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया। सहाड़ा क्षेत्र के एमडीआर 201 सहाड़ा से कांगणी, सालेरा चौराहा, गिरडि़या, नेगडि़या खेड़ा का चौडाईकरण एवं सुदृढीकरण 19 किलोमीटर सड़क पर 30 करोड़ रुपए व्यय होंगे।
इनका मिलेगा लाभ
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 करोड़ की मिसिंग सड़कों के कार्य होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में अकृषि प्रयोजनार्थ रूपातंरण की प्रक्रिया में लगने वाले समय को 90 दिवस से घटाकर 30 दिवस किया। आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को अब 15 के स्थान 25 ग्राम पाउडर का दूध मिलेगा। हर ब्लॉक में चयनित 10 महिलाओं को टेबलेट दिया जाएगा। भूमि विकास बैंक में बकाया चल रहे ऋण के निस्तारण के लिए वन टाइम स्टेलमेंट योजना की घोषणा की गई है। इससे जिले के किसानों को फायदा होगा। जिला मुख्यालय के साथ चयनित उप पंजीयन कार्यालय का समय सोमवार व शुक्रवार को सुबह 8 से रात 8 बजे रहेगा। इससे पंजीयन कराने वाले लोगों को फायदा होगा। तथा हाथो हाथ मकान या जमीन का पंजीयन हो सकेगा।