सुबह से देर शाम तक खरीदारों की रौनक
Bhilwara news : गुरु पुष्य नक्षत्र पर गुरुवार को शहर के बाजार खरीदारों से गुलजार रहे। सुबह से शुरू रौनक का दौर देर शाम तक जारी रहा। सोना, चांदी, कपड़े, गहने, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों की जमकर खरीदारी हुई। यों तो पुष्य नक्षत्र सामान्य प्रक्रिया है लेकिन दीपावली से पहले गुरुवार के साथ इसका योग शुभ व फलदायी है।
शहर के सदर, मुख्य बाजार, गोल प्याऊ चौराहा, स्टेशन रोड, सर्राफा बाजार, गुलमंडी आदि में खरीदारी के लिए लोग निकले। दुकानदारों ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी। शहर के मुख्य बाजार में सजावट भी शुरू हो गई है। मुख्य बाजार, बालाजी मार्केट, नेताजी सुभाष मार्केट समेत अन्य बाजार सजाए जा रहे हैं। गोल प्याऊ चौराहे के आसपास मार्ग पर भी सजावट देखते ही बनती है। यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी को पहुंचे। शाम ढलने के साथ लोगों की संख्या बढ़ने लगी।
24 घंटे का रहा शुभ मुहूर्त
पंडित अशोक व्यास शास्त्री के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे से शु्क्रवार सुबह छह बजे तक पुष्य नक्षत्र रहेगा। ऐसे में पूरे दिन का शुभ मुहूर्त है। ऐसे में अचल संपत्तियों के सौदे करना महत्वपूर्ण माना गया है।
इनकी सर्वाधिक खरीदारी
सबसे ज्यादा बाइक, स्कूटी और कार की खरीदारी हुई। व्यापारियों ने शुभ मुहूर्त में बही खातों की खरीदारी की। पुष्य नक्षत्र में खरीदी कोई भी वस्तु लंबे समय तक उपयोगी रहती है। शुभ फल देती है। रियल एस्टेट, ऑटो मोबाइल, इलेक्टॉनिक्स, सर्राफा एवं कपड़े की जमकर खरीद हुई। धनतेरस पर इससे भी ज्यादा खरीदारी की उम्मीद जताई जा रही है। व्यापारियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कसर नहीं छोड़ी है। विशेष संयोग में नई प्रॉपर्टी की खरीद या फ्लैट बुक कराने पर माेड्यूलर किचन, दुपहिया वाहन, एलईडी टीवी उपहार स्वरूप दी जा रही है। कार की खरीदी पर महाबचत ऑफर दिया जा रहा है।
गहनों के साथ पूजन सामग्री की मांग
ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवरत्नमल संचेती ने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर सर्राफा बाजार में नई डिजाइनर ज्वैलरी की खरीद हुई। धनतेरस व दीपावली पर पूजन के लिए 10 ग्राम से 500 ग्राम तक की सोने एवं चांदी की मूर्तियां बिक्री को तैयार है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नई वैरायटी में चांदी के बर्तन उपलब्ध हैं।
मोबाइल की मांग, कैशबैक की सुविधा
बाजार में पुष्य नक्षत्र से लेकर दीपावली तक कई कंपनियों ने मोबाइलों पर क्रेडिट कार्ड पर अधिकतम 25 हजार रुपए कैशबैक ऑफर सुविधा दी है। जीरो प्रतिशत पर फाइनेंस, ग्राहकों के लिए ईएमआई सुविधा व एक्सचेंज ऑफर भी दिया जा रहा है। साथ ही हर मोबाइल की खरीदी पर स्पेशल उपहार दिए जा रहे हैं।