परिणाम में देरी रोकने के लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सख्त, डीईओ को नाम सहित सूचना भेजने के निर्देश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को लेकर सख्ती दिखाई है। मूल्यांकन से असहमति जताने वाले शिक्षकों या परीक्षकों की नामवार जानकारी मांगी गई है। बोर्ड ने जिला शिक्षा […]
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को लेकर सख्ती दिखाई है। मूल्यांकन से असहमति जताने वाले शिक्षकों या परीक्षकों की नामवार जानकारी मांगी गई है। बोर्ड ने जिला शिक्षा अधिकारियों (मुख्यालय) माध्यमिक को निर्देश दिए हैं कि ऐसे शिक्षकों के नाम, पदस्थापन, मोबाइल नंबर और शाला दर्पण आईडी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
बोर्ड के गोपनीय अनुभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शाला दर्पण पर पंजीकृत व उपलब्ध शिक्षकों को कम्प्यूटरीकृत प्रणाली से उत्तरपुस्तिकाएं आवंटित कर संग्रहण केंद्रों पर भिजवाई जा रही हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नए शैक्षणिक सत्र से पूर्व परीक्षा परिणाम जारी करना प्राथमिकता है। ऐसे में यदि मूल्यांकन कार्य में असहमति या आनाकानी की जाती है तो परिणाम घोषित करने में विलंब हो सकता है।
इसे देखते हुए बोर्ड ने जिलों को सख्त लहजे में निर्देशित किया है कि मूल्यांकन कार्य में असहमति व्यक्त करने वाले शिक्षकों की विस्तृत सूचना तत्काल भिजवाई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके और परिणाम समय पर घोषित हो सके।
बोर्ड के इस कदम को परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। शिक्षा महकमे में इसे लेकर हलचल तेज हो गई है, क्योंकि बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि मूल्यांकन कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।