16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राहत: भर्ती परीक्षाओं में अब धार्मिक प्रतीकों पर रोक नहीं, पहन सकेंगे सादा कलावा, जनेऊ और रुद्राक्ष

18 को कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा: भीलवाड़ा के 19 केंद्रों पर 6 हजार अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य

2 min read
Google source verification
Relief: Religious symbols are no longer prohibited in recruitment exams; simple Kalava, Janeu and Rudraksha can be worn.

राहत: भर्ती परीक्षाओं में अब धार्मिक प्रतीकों पर रोक नहीं, पहन सकेंगे सादा कलावा, जनेऊ और रुद्राक्ष

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 18 अप्रेल से भर्ती परीक्षाओं का दौर एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। बोर्ड ने परीक्षाओं को लेकर ड्रेस कोड में अहम बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान अपने धार्मिक प्रतीक चिह्न उतारने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। यानी परीक्षा केंद्रों पर सादा कलावा, जनेऊ, रुद्राक्ष और कंठी पहनकर जाने पर अब कोई रोक-टोक नहीं होगी। हालांकि, यह सख्ती से सुनिश्चित किया जाएगा कि इन प्रतीकों में किसी प्रकार का मेटल (धातु) न हो और इनमें कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा न हो।

भीलवाड़ा में 6 हजार अभ्यर्थी देंगे कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा

शनिवार को कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश के 38 जिलों में 580 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें करीब 1.82 लाख अभ्यर्थी भाग लेंगे। बोर्ड द्वारा जारी जिलेवार केंद्र सूचना के अनुसार भीलवाड़ा जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 14 सरकारी और 5 निजी केंद्र शामिल हैं। जिले में कुल 6 हजार अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए केंद्र आवंटित किए गए हैं। परीक्षा का आयोजन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक एक ही पारी में किया जाएगा। कृषि पर्यवेक्षक के लिए 1100 पदों के लिए 1.86 लाख अभ्यर्थी ने आवेदन किया था।

एडमिट कार्ड में अंकित होगा ड्रेस कोड, इन नियमों का करना होगा पालन

परीक्षा में नकल रोकने और पारदर्शिता के लिए बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं, जो अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पर भी अंकित होंगे। पुरुष वर्ग आधी या पूरी आस्तीन की शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा या पैंट पहन सकता है। महिला वर्ग सलवार-सूट, साड़ी, कुर्ता आधी या पूरी आस्तीन का ब्लाउज। बालों में साधारण रबर बैंड लगाने की अनुमति होगी। कांच की पतली चूड़ियां पहनकर आने की छूट दी गई है। हवाई चप्पल, सैंडल या हल्के जूते-मोजे (टखने तक) पहनकर आने की छूट दी गई है।

इन वस्तुओं पर रहेगी सख्त पाबंदी

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, ईयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, हथियार और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं सख्ती से वर्जित रहेंगी। इसी तरह मेटल युक्त कड़ा, ताबीज या बड़ी कृपाण जैसी वस्तुओं को पहनकर आने पर भी रोक रहेगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी नॉन-मेटल धार्मिक प्रतीक चिह्न को लेकर केंद्र पर संदेह होता है, तो अभ्यर्थी की सघन जांच की जाएगी।

लैब असिस्टेंट परीक्षा से 15 हजार आवेदन वापस

कर्मचारी चयन बोर्ड ने यह भी जानकारी दी है कि आगामी 9-10 मई को होने वाली लैब असिस्टेंट भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले करीब 15 हजार अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन वापस ले लिए हैं।

परीक्षा आंकड़ों की जुबानी

  • कुल पद- 1100
  • कुल आवेदन- 1.86 लाख
  • जिले में अभ्यर्थी- 6000
  • परीक्षा केंद्र- कुल 19
  • पेपर का समय- सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक