केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसइ) की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर गजब का उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। बोर्ड परीक्षा को लेकर पहली बार शामिल हो रहे छात्रों के मन में अमूमन जो तनाव होता है, उसे दूर करने के लिए स्कूलों और शिक्षकों […]
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसइ) की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर गजब का उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। बोर्ड परीक्षा को लेकर पहली बार शामिल हो रहे छात्रों के मन में अमूमन जो तनाव होता है, उसे दूर करने के लिए स्कूलों और शिक्षकों ने एक बेहद शानदार पहल की। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान शिक्षकों ने परीक्षार्थियों का मुंह मीठा करवाकर और उन्हें शुभकामनाएं देकर परीक्षा सेंटर में प्रवेश दिया। शिक्षकों के इस अपनेपन से छात्रों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
परीक्षा का पहला दिन होने के कारण परीक्षार्थी किसी भी तरह की कोई चूक नहीं करना चाहते थे। यातायात या अन्य किसी देरी से बचने के लिए लगभग सभी छात्र अपने निर्धारित समय से काफी पहले ही परीक्षा सेंटर्स पर पहुंच गए। केंद्रों के बाहर छात्रों और उनके साथ आए परिजनों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी।
परीक्षा केंद्रों के बाहर व्यवस्थाएं भी चाक-चौबंद नजर आईं। सेंटर के बाहर मुख्य द्वार के पास लगे नोटिस बोर्ड्स पर सीटिंग अरेंजमेंट देखने के लिए खासी उत्सुकता नजर आई। छात्र ही नहीं, बल्कि उनके साथ आए अभिभावक भी नोटिस बोर्ड की सूची में अपने बच्चों का रोल नंबर और कक्ष संख्या तलाशते हुए दिखाई दिए। रोल नंबर कन्फर्म होने के बाद अभिभावकों ने बच्चों को सफलता का आशीर्वाद देकर परीक्षा केंद्र के भीतर भेजा। पहले दिन का माहौल पूरी तरह से परीक्षा के अनुकूल और तनावमुक्त रहा।