आरसी व्यास सेक्टर 6 में उल्लास के साथ मनाया गया फाग उत्सव भीलवाड़ा शहर में फाल्गुन माह का उल्लास छाने लगा है। आरसी व्यास कॉलोनी के सेक्टर 6 में महिलाओं ने पूरे उत्साह और भक्ति-भाव के साथ फाग महोत्सव मनाया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रंगों की जगह ‘फूलों की होली’ खेलकर अनूठी छटा बिखेरी। […]
भीलवाड़ा शहर में फाल्गुन माह का उल्लास छाने लगा है। आरसी व्यास कॉलोनी के सेक्टर 6 में महिलाओं ने पूरे उत्साह और भक्ति-भाव के साथ फाग महोत्सव मनाया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रंगों की जगह 'फूलों की होली' खेलकर अनूठी छटा बिखेरी। पूरा माहौल भजनों की सरिता और फूलों की खुशबू से महक उठा।
पुष्पा देवी अजमेरा ने बताया कि महोत्सव में भक्ति और मस्ती का अनूठा संगम देखने को मिला। 'रंग मत डाल रे सांवरिया...' जैसे सुमधुर फाल्गुनी भजनों पर महिलाएं खुद को थिरकने से नहीं रोक पाईं। इसके साथ ही शिव-पार्वती विवाह के प्रसंगों पर आधारित भजनों की प्रस्तुति ने पूरे प्रांगण को शिवमय कर दिया। महिलाओं ने इन भजनों पर सामूहिक रूप से मनमोहक नृत्य कर फाग महोत्सव का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में कॉलोनी की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पायल, मंजू, सीमा, रेखा, सरोज, सुनीता, रचना और मीनू जैन सहित अन्य कई महिलाओं ने एक-दूसरे पर गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा कर फाल्गुन की बधाइयां दीं। महोत्सव के अंत में भगवान की महाआरती की गई और सभी श्रद्धालुओं व उपस्थित लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया। फूलों की इस होली ने न सिर्फ आपसी भाईचारे को बढ़ाया, बल्कि शहर में फाल्गुन के रंगारंग आगाज का संदेश भी दिया।