भीलवाड़ा

घर के बाहर शराब पी रहे बेटे को टोका तो पिता की लोहे के पाइप से पीट-पीट कर दी हत्या, बचाने के लिए लोग आए तब तक हो चुकी थी देर

कलयुगी बेटे ने लोहे के पाइप से पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी
2 min read
Father's murder in bhilwara
Father's murder in bhilwara

हनुमाननगर।

क्षेत्र के धुंवाला गांव में बुधवार रात शराब के लिए बेटे को टोकना पिता को भारी पड़ गया। कलयुगी बेटे ने लोहे के पाइप से पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुत्र फरार हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। हनुमाननगर थाना पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। आरोपित बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस के अनुसार धुंवाला निवासी भागचंद मीणा रात में घर के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान उसके पिता दुर्गालाल (65) ने उसे टोका और घर के भीतर चलने को कहा। पिता-पुत्र में विवाद हो गया। विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि भागचंद हाथापाई पर उतारू हो गया। आवेश में आए भागचंद निकट पड़ा लोहे का पाइप ले आया और पिता दुर्गालाल के सिर पर मार दी। इससे दुर्गालाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।


उसकी चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़कर आए। भीड़ एकत्र होती देखकर आरोपित पुत्र भाग गया। परिजन दुर्गालाल को देवली अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। सूचना पर हनुमाननगर पुलिस भी वहां पहुंच गई। शव को मोर्चरी में रखवाया। आरोपित की तलाश में सम्भावित स्थानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन भागचंद का पता नहीं चला।

अंधड़ से पक्की दीवार गिरी

बरून्दनी रामनगर में बुधवार की रात आए अन्धड़ के दौरान एक मकान की पक्की दीवार ध्वस्त हो गई। मकान की दीवार टूट कर नीचे गिरने से कोई जनहानि नही हुई लेकिन पीडि़त परिवार को 2 लाख रुपए का नुकसान हो गया।
रामनगर के शंकर लाल कीर के मकान की दीवार गिर गई। सूचना पर भाजपा इकाई अध्यक्ष लाला राम गुर्जर, किसान संघ के तहसील मंत्री पुष्कर मीणा, मेवा लाल खटीक, तथा राजस्व पटवारी ब्रजराज मीणा मौके पर पहुंचे और मौका पर्चा बनाया।

Updated on:
31 May 2018 08:31 pm
Published on:
31 May 2018 08:30 pm