- नई पीढ़ी को दी नई सोच, अब प्रेरणा की मिसाल बन रहे - भीलवाड़ा जिले से दो शिक्षकों का राज्य स्तर पर आज सम्मान
शिक्षक केवल किताबों तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को दिशा देने का कार्य भी करते हैं। जिले में ऐसे कई गुरुजन हैं जिन्होंने न सिर्फ विद्यार्थियों के जीवन को संवारा बल्कि समाज के सामने भी प्रेरणा की मिसाल कायम की। जिले के कई शिक्षकों ने पढ़ाई के साथ समाज सेवा को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। किसी शिक्षक ने पौधारोपण का नया रिकार्ड बनाया तो किसी ने भामाशाह की मदद से स्कूल की तस्वीर बदल दी। यह शिक्षक आज भीलवाड़ा ही नहीं बल्कि प्रदेश के लिए एक रोल मॉडल बन चुके हैं। कुछ ऐसे ही भीलवाड़ा जिले के शिक्षक, जिनके नवाचारों, मेहनत व समर्पण से स्कूलों व विद्यार्थियों के जीवन में बदलाव आया। गर्व की बात यह है कि इस बार जिले से दो शिक्षक गुरुवार को राज्य स्तर पर सम्मानित होकर मान बढ़ाएंगे। इनमें राज्य स्तर पर पांसल स्कूल के अनिल कुमार उपाध्याय तथा शाहपुरा ब्लॉक के शूरवीरसिंह चौहान शामिल है। जिला स्तर पर रायपुर ब्लॉक के मोखुन्दा स्कूल के किशनलाल खटीक व आसीन्द ब्लॉक के अजीतपुरा स्कूल की मोमचनी अध्यापिका शामिल है। जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 11 बजे राजेन्द्र मार्ग स्कूल में होगा।