भीलवाड़ा

नया शिक्षा सत्र 1 अप्रेल से: सरकारी स्कूलों में 31 तक पहुंचानी होगी निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें

शिक्षा निदेशालय का अल्टीमेटम, फ्लैगशिप योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता- प्रथम चरण में शेष रही किताबों का वितरण 31 तक करने के सख्त निर्देश

2 min read
Mar 28, 2026
नया शिक्षा सत्र 1 अप्रेल से: सरकारी स्कूलों में 31 तक पहुंचानी होगी निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 एक अप्रेल से शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों के हाथों में किताबें पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक ने सभी संयुक्त निदेशकों और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रथम चरण में शेष रही निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण हर हाल में 31 मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाए।

शिक्षा विभाग ने इसे राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध योजना बताते हुए सर्वोच्च प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए शाला दर्पण पोर्टल पर दर्ज मांग के अनुसार राजस्थान राज्य पाठ्य पुस्तक मण्डल के जरिए नोडल केंद्रों तक किताबें पहुंचाई जा रही हैं।

4 दिन शेष: युद्ध स्तर पर पहुंचाने के निर्देश

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पाठ्य पुस्तक मण्डल की ओर से निर्धारित नोडल केंद्रों पर किताबें पहुंचाने का कार्य 25 मार्च तक पूरा किया जाना था। अब प्रथम चरण के वितरण से शेष रही पुस्तकों को 31 मार्च तक वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। चूंकि 31 मार्च की डेडलाइन में अब 4 दिन ही बचे हैं, ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने जिला प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पाठ्य पुस्तक मण्डल के जिला डिपो प्रभारियों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करें। अधिकारियों को तुरंत नोडल केंद्र-वार तिथियां निर्धारित कर 'रूट चार्ट' तैयार करने और डिपो प्रभारी को उपलब्ध करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

निदेशालय की दो टूक, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

समाज शिक्षा उपनिदेशक की ओर से जारी इस आदेश में कड़ी चेतावनी दी गई है कि निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक वितरण राज्य सरकार का एक समयबद्ध कार्यक्रम है। इसमें किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी सीबीईओ और पीईईओ को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन विद्यार्थियों को मिलेगा निःशुल्क किताबों का तोहफा

शिक्षा विभाग के आदेशानुसार शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए निम्नलिखित विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसमें कक्षा 1 से 8 के राजकीय विद्यालयों और मदरसों में अध्ययनरत सभी विद्यार्थी (छात्र-छात्राएं)। कक्षा 9 से 12 की सभी सभी छात्राएं। कक्षा 9 से 12 छात्र जिनमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सभी छात्र शामिल है। अन्य छात्र कक्षा 9 से 12 ऐसे सामान्य, ओबीसी वर्ग के छात्र जिनके अभिभावक आयकर दाता नहीं हैं उनको निशुल्क पुस्तकें मिलेगी।

चार दिन में 2 लाख पुस्तकों को होगा वितरण

राजस्थान राज्य पाठ्य पुस्तक मण्डल पालड़ी के प्रभारी दीनदयाल उपाध्याय ने बताया कि 25 मार्च तक पहले चरण में 9.66 लाथ पुस्तकों का वितण किया जा चुका है। अब 31 मार्च तक चार ब्लॉक आसींद-बदनोर, बनेड़ा, बिजौलिया तथा हुरड़ा में 2 लाख पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।

Published on:
28 Mar 2026 09:23 am
Also Read
View All

अगली खबर