- शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत - शीतल पेय का वितरण
परशुराम महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर चित्रकूट धाम से बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाओं ने चुनरी और पुरुषों ने सफेद वस्त्र धारण किए। गले में दुपट्टा और केसरिया साफा उनकी श्रद्धा और उत्साह को दर्शा रहा था। भगवान परशुराम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा में शामिल समाजजनों का स्वागत किया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शीतल पेय भी वितरित किया गया। सजे-धजे घोड़े, बैंडबाजे और बग्घी पर भगवान परशुराम की सुंदर झांकी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण थी। मंत्रोच्चारण के साथ प्रारंभ हुई शोभायात्रा में पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी और महापौर राकेश पाठक की उपस्थिति रही। शोभायात्रा चाणक्य सर्कल से प्रारंभ होकर कोतवाली, फतह टावर, भीमगंज थाना, सुभाष मार्केट, स्टेशन चौराहा, सेशन कोर्ट होती हुई परशुराम सर्किल पर सम्पन्न हुई।
अखाड़ा प्रदर्शन बना आकर्षण का केन्द्र
शोभायात्रा में जगह-जगह युवाओं और बालिकाओं ने अखाड़े का प्रदर्शन किया। अखाड़ा प्रदर्शन में हैरतअंग्रेज कारनामों ने सभी को अचंभित कर दिया। समाज के प्रबुद्धजनों ने अखाड़ा प्रदर्शन कर रहे युवक-युवतियों की सराहना की।
आरती में लगे परशुराम के जयकारे
शोभायात्रा के परशुराम सर्किल पहुंचने पर भगवान परशुराम की आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जगदीश शर्मा, हेमेंद्र शर्मा, मनोज गोटे वाला, दीपक सुल्तानिया, मनोज सुल्तानिया, योगेश शर्मा, नवीन शर्मा, महेंद्र शर्मा, योगेश व्यास, बालकिशन पाराशर, राजेंद्र ओझा, चेतन चौबे, हरिकंठ, मुकेश त्रिपाठी, हरीश ओझा, राजेंद्र ओझा, मनीष पारीक, गोपाल राज पारीक, ब्रजराज कृष्ण उपाध्याय, धर्मेंद्र पारीक, पार्षद प्रकाश ओझा, मधु शर्मा, मनोज पालीवाल, गिरीश कौशिक, शांतिलाल शर्मा, धीरज सारस्वत, अशोक जोशी, मोहित पाठक, दिनेश शर्मा, त्रिलोक शर्मा, सुनील शर्मा, दशरथ शर्मा व अन्य समाजजन उपस्थित रहे।