भीलवाड़ा

भाजपा नेता डाड के बेटे के आवास समेत छह ठिकानों पर छापा, 15 करोड़ की जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा

- व्यापारियों में मचा हड़कम्प, तीन प्रोसेस हाउसों ने जमा कराई कर चोरी की राशि - चार दिन में दूसरी बार भीलवाड़ा आई डीजीजीआई टीम

2 min read
Aug 29, 2025
100 करोड़ की टैक्स चोरी! GST ने कर सलाहकार मो. फरहान के ठिकानों पर मारा छापा, ऐसे हुआ घुलासा...(photo-patrika)

डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) जयपुर ने गुरुवार को भीलवाड़ा में एक साथ छह ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों की जीएसटी चोरी के मामले में हुई। टीम ने यह छापा नगर विकास न्यास के पूर्व चेयरमैन व भाजपा नेता लक्ष्मीनारायण डाड के पुत्र निखिल डाड और उनके सहयोगि अनुज सोमानी के प्रतिष्ठानों पर मारा। अब तक की जांच में 15 करोड़ से अधिक की कर चोरी सामने आई है। टीम ने चार दिन पहले ही भीलवाड़ा में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। तीन प्रोसेस हाउस एसआरएस, अनन्त सिंटेक्स, रंजन पोलियस्टर के संचालकों की ओर से 3.25 करोड़ की राशि जमा कराने पर कार्रवाई पूरी कर ली है। जबकि भाजपा नेता के पुत्र व पार्टनर के यहां कार्रवाई जारी है।

सुबह पहुंची टीमें

डीजीजीआई जयपुर जोन की टीम सबसे पहले शास्त्रीनगर में नगर परिषद के पूर्व चैयरमेन व भाजपा नेता के डाड के घर पहुंची। लेकिन उनके बेटे के दादी धाम रोड पर फ्लैट में रहने की जानकारी सामने आई। टीम उसके भाई को साथ लेकर कुमुद विहार पहुंची और वहीं स्थित कार्यालय व घर की तलाशी ली। टीम ने यहां से तीन प्रोसेस हाउस, डाई हाउस और बिजनेस पार्टनर बनास केमिकल के प्रतिष्ठान समेत कुल 6 ठिकानों पर छापा मारा। सुबह की सैर पर निकले बिजनेस पार्टनर को टीम वहां से लेकर आई और प्रतिष्ठान की जांच शुरू की।

बिना बिल के माल सप्लाई के सबूत

टीम को जांच के दौरान कई ऐसे दस्तावेज हाथ लगे, जिनसे संकेत मिला है कि कई प्रोसेस हाउस को सप्लाई किए जा रहे केमिकल और कोयले की आपूर्ति बिना बिल के की जा रही थी। साथ ही प्रॉपर्टी व फाइनेंस से जुड़े लेनदेन पर भी संदेह जताया गया। जांच के दौरान तीन प्रोसेस हाउस संचालकों ने कर चोरी का राशि जमा कराने पर कार्रवाई को विराम दे दिया है। इन तीनों एसआरएस, अनन्त सिंटेक्स, रंजन पोलियस्टर ने 3.25 करोड़ की राशि जमा कराई। टीम भाजपा नेता के पुत्र के घर पर कर चोरी की राशि जमा कराने को लेकर अड़ी हुई है। टीम की ओर से बताई जा रही राशि को जमा कराने के इंकार कर देने से कार्रवाई शुक्रवार तक जारी रहने की संभावना है। न्यास से जुड़े कुछ भूखंड आवंटन के मामले भी जांच के दायरे में हैं।

हाल ही में पकड़ी थी 28.67 करोड़ की चोरी

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले डीजीजीआई ने सरिया बनाने वाले व्यापारी के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में 28 करोड़ 67 लाख रुपए की कर चोरी पकड़ी थी और तत्काल 20 करोड़ रुपए ऑनलाइन खाते में जमा भी करवाए थे।

Published on:
29 Aug 2025 09:48 am
Also Read
View All

अगली खबर