Vivek Dhakad daughter and wife Video: सोशल मीडिया पर रविवार रात वायरल वीडियो में विवेक की बेटी अवनी अपने दादा और बुआ पर मारपीट कर मां-बेटी को घर से निकालने का आरोप लगाते व रोते हुए नजर आ रही है।
MLA Vivek Dhakad Suicide Case: भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ के पूर्व विधायक विवेक धाकड़ की एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में पारिवारिक कलह का एंगल भी जुड़ गया। पूर्व विधायक धाकड़ की पत्नी और पिता ने सोमवार को सुभाषनगर पुलिस थाने में एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया। विवेक के पिता व पत्नी ने परस्पर मारपीट के मामले दर्ज कराए। पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही है।
सुभाषनगर थाना प्रभारी शिवराज गुर्जर ने बताया कि विवेक के पिता कन्हैयालाल धाकड़ ने विवेक की पत्नी पद्मनी के खिलाफ रिपोर्ट दी। इसमें आरोप लगाया कि उसके पुत्र विवेक को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
वहीं पद्मनी का आरोप है कि विवेक के पिता कन्हैयालाल और उसकी बहनों ने परिवादी और बेटी अवनी से मारपीट और बदसलूकी की और बेघर कर दिया। इधर, पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि विवेक की पत्नी व बेटी सोमवार को उनके समक्ष पेश हुए। उन्होंने परिवाद दिया, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर रविवार रात वायरल वीडियो में विवेक की बेटी अवनी अपने दादा और बुआ पर मारपीट कर मां-बेटी को घर से निकालने का आरोप लगाते व रोते हुए नजर आ रही है। इसमें अवनी कर रही है कि जब उन्होंने पापा विवेक की मौत के मामले की जांच उठाने के लिए कहा तो उनसे मारपीट की गई।
विवेक सुभाषनगर आवास पर 4 अप्रेल की सुबह कमरे में मृत मिले थे। तब सामने आया था कि दोनों हाथों की नसें काटने एवं अत्याधिक रक्तस्राव से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बाद में खुलासा हुआ था कि विवेक की मौत नसें काटने से नहीं, वरन फांसी लगाने से हुई थी। पुलिस ने माना था कि संभवत विवेक ने पहले दोनों हाथों की नसें काटने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं होने पर पंखे पर फांसी लगा ली।