एमजी चिकित्सालय में उपचार के लिए कराया भर्ती
भीलवाड़ा। गुडगांव के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में प्रद्युम्न हत्याकांड का प्रकरण अभी शांत भी नहीं हुआ है कि भीलवाड़ा जिले के माण्डलगढ़ थाने के महुआ गांव के निजी स्कूल में श्रीनगर निवासी 8 वर्षीय बालक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आ गया है। कक्षा में होमवर्क नहीं करने पर उसकी पिटाई इस कदर की गई पूरी पीठ पर गहरे लाल निशान हो गए है। मन में पिटाई की दहशत चेहरे पर साफ झलक रही है।
भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में पीडि़त बालक को उपचार के लिए लाए परिजनों का आरोप है कि 29 सितम्बर को महुआ के राजहंस पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र को शिक्षक राजेन्द्र शर्मा ने बेरहमी से पीटा। आरोप है कि शिक्षक ने कक्षा में ही लात-घूसों से पीटा। परिजनों का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले भी उसे स्कूल में पेड़ की टहनी पर लटकाकर प्रताडि़त किया था।
पिटाई की जानकारी मिलने पर उसे मां ने गांव के स्वास्थ्य केन्द्र में ले गई लेकिन बच्चे की दहशत कम नहीं होने एवं स्वास्थ्य बिगड़ता देख बूंदी में कार्यरत पिता को सूचना दी गई। पिता ने उसे अगले दिन रविवार को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय के शिशु वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सालय से बाल कल्याण समिति एवं पुलिस को भी सूचना दी गई। समिति की अध्यक्ष डॉ. सुमन त्रिवेदी ने चिकित्सालय में पहुंच बच्चें की स्थिति देखी एवं परिजनों से घटना की जानकारी ली। बच्चे को सोमवार को सर्र्जरी वार्ड में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने अब उसकी हालत में सुधार बताया है।
इधर, परिजनों ने इस मामले में माण्डलगढ़ थाने में परिवाद देकर स्कूल प्रबंधन व दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बाल कल्याण समिति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इधर,विद्यालय संचालक जगदीश हाडा का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने बाद में बात करने की कह फोन काट दिया।