- मक्का, उड़द, कपास की फसलों में लगा कीट
भीलवाड़ा जिले के सुवाणा व मांडल पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों गुरला, रामपुरिया, दादिया, सांगवा, लेसवा, नया खेड़ा व चाखेड़ में कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों की टीम ने खेतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मक्का, उड़द और कपास की फसलों में कीट व रोगों की स्थिति का आकलन किया।
कृषि विभाग के अनुसार लगातार अच्छी बारिश के चलते मक्का, कपास व उड़द की फसलें फिलहाल अच्छी स्थिति में पाई गईं। इस दौरान रोग वैज्ञानिक डॉ. ललित कुमार छाता ने किसानों को मक्का में लगने वाले फॉल आर्मी वॉर्म, उड़द में एलो मोजैक विषाणु रोग और तना छेदक कीट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये कीट और रोग फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं और उनसे बचाव के लिए उपाय किए जाएं। वैज्ञानिक डॉ. रामावतार ने खेतों की ऊसर भूमि सुधार के लिए किसानों को डेंचा फसल लगाने की सलाह दी, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ाई जा सके।
कृषि उपनिदेशक वीके जैन ने बताया कि निरीक्षण दल में कृषि अधिकारी रमेश चौधरी, जीत राम चौधरी, सहायक कृषि अधिकारी संगीता व रतनलाल शर्मा, तथा कृषि पर्यवेक्षक भंवर सिंह और तेजपाल सोनी भी शामिल रहे। किसानों को फसलों की निरंतर निगरानी करने तथा कीटों के लक्षण दिखते ही समय पर नियंत्रण के उपाय अपनाने की सलाह दी गई।