महाशिवरात्रि महोत्सव: हरणी महादेव में भरा मेला, बाबाधाम में 1008 किलो दूध से हुआ अभिषेक, सांवरिया सेठ ने धरे ‘हरिहर’ स्वरूप महाशिवरात्रि पर समूचा भीलवाड़ा जिला शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर अंचल तक के शिवालयों में दिन भर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ की गूंज सुनाई दी। अलसुबह से […]
महाशिवरात्रि पर समूचा भीलवाड़ा जिला शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर अंचल तक के शिवालयों में दिन भर 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' की गूंज सुनाई दी। अलसुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, जो देर रात तक दर्शन और अभिषेक के लिए कतारों में लगी रही। प्रसिद्ध हरणी महादेव में दिनभर मेले सा माहौल रहा, वहीं शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष अनुष्ठान, चार प्रहर की पूजा और आकर्षक शृंगार किए गए।
जिले के प्रमुख तीर्थ स्थल हरणी महादेव के साथ-साथ शहर के उपनगर पुर स्थित पातोला महादेव, अधरशिला, ओंकारेश्वर महादेव, पिपलेश्वर, सिद्धेश्वर महादेव और बालाजी मंदिर में दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। हरणी महादेव मेले में दिन भर लोगों की भीड़ उमड़ी। इसके अलावा जिले के प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव, त्रिवेणी संगम और नौगांवा सहित अन्य मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पुर के शिवालयों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-पाठ और महाआरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। पुर के हॉस्पिटल परिसर स्थित रोगमुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर महिला मंडल की ओर से फाग महोत्सव मनाया गया। महाकाल की तर्ज पर महाआरती की गई। 101 किलो दूध की खीर का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया।
श्री बाबाधाम मंदिर में ऋण मुक्तेश्वर गौरी शंकर महादेव का विशेष शृंगार किया गया। इस मंदिर की अनूठी महिमा है कि यहां देश का पहला ऐसा शिवलिंग है, जिसमें माता गौरी (लाल रंग) और भगवान शिव (हरे रंग) एक ही शिवलिंग में एक साथ विद्यमान हैं। शाम को 1008 किलो दूध से सहस्त्रधारा और रुद्राभिषेक किया गया। टंकी के बालाजी मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर तथा मुखर्जी उ्दयान में श्रदालुओं का तांता लगा रहा। पांसल चौराहे स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती की गई।
नौगांवा में महाशिवरात्रि पर भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सांवरिया सेठ का शिव और विष्णु के एकाकार 'हरिहर' स्वरूप में मनमोहक शृंगार किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि मंदिर में विशेष झांकी सजाई गई और भोग लगाकर प्रसाद बांटा गया। 18 फरवरी को मंदिर में भागवत समरसता महोत्सव को लेकर अहम बैठक होगी।
वरिष्ठ नागरिक मंच की ओर से महाशिवरात्रि के साथ-साथ फागोत्सव भी हर्षोल्लास से मनाया गया। महिला सचिव वीणा खटोड़ और भजन प्रभारी मंजुलता भट्ट के निर्देशन में महिलाओं ने भजनों पर प्रस्तुतियां दीं। वहीं, वीर सावरकर चौक स्थित वीर हनुमान मंदिर में कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार जागेटिया के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को ठंडाई का प्रसाद वितरित किया गया।