
Lakshya Academy Jaipur became the champion by defeating Bhilwara by 81 runs.
सुखाड़िया स्टेडियम में चल रही प्रथम राज्य स्तरीय अंडर-23 भीलवाड़ा चैंपियंस ट्रॉफी का रोमांचक समापन हुआ। भीलवाड़ा यंग क्लब और रमन लांबा क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में लक्ष्य एकेडमी जयपुर ने मेजबान भीलवाड़ा क्रिकेट एकेडमी को 81 रनों से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को 31 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपए के नकद पुरस्कार से नवाजा गया।
आयोजन सचिव किशोर केवलरमानी ने बताया कि फाइनल मुकाबले में लक्ष्य एकेडमी जयपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 214 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से पुखराज ने सर्वाधिक 79 रन और कविश ने 54 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। भीलवाड़ा की ओर से गेंदबाजी करते हुए पूर्वांशु शर्मा ने 3, दिव्यांश खारोल ने 2 तथा अपूर्व व चिराग ने 1-1 विकेट हासिल किया।
215 रनों का पीछा करने उतरी भीलवाड़ा एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम दबाव में बिखर गई। पूरी टीम 133 रन ही बना सकी। भीलवाड़ा की तरफ से यथार्थ व अनिल ने 24-24 रन और शौर्य शक्तावत व गजल शर्मा ने 22-22 रनों का संघर्षपूर्ण योगदान दिया। जयपुर के गेंदबाज कमलेश चौधरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, वहीं शुभंकर, आयुष और प्रिंस गुर्जर ने 2-2 विकेट लेकर भीलवाड़ा की कमर तोड़ दी। अतिथियों ने विजेता टीम को 31 हजार और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की। फाइनल में 4 विकेट लेने पर कमलेश चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैन ऑफ द सीरीज शिवांग सिंह, बेस्ट बॉलर कमलेश चौधरी, बेस्ट बैट्समैन सर्वज्ञ पानेरी, बेस्ट विकेटकीपर हार्दिक गौड़ को चुना गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के सदस्य संपत पायक, जयवर्धन शक्तावत, भरत शर्मा, कुमार मंगलम और मुकेश चौधरी ने आभार जताया।
Published on:
16 Feb 2026 09:23 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
