विपक्ष पर सीधा हमला: कांग्रेस राज में घर की दुकान बन गई थी आरपीएससी केंद्रीय बजट टेक्सटाइल सिटी के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने सोमवार को भीलवाड़ा में संवाददाताओं को आश्वस्त किया कि केंद्र द्वारा घोषित मेगा टेक्सटाइल पार्क भीलवाड़ा को मिले, इसके लिए भजनलाल सरकार हर संभव […]
केंद्रीय बजट टेक्सटाइल सिटी के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने सोमवार को भीलवाड़ा में संवाददाताओं को आश्वस्त किया कि केंद्र द्वारा घोषित मेगा टेक्सटाइल पार्क भीलवाड़ा को मिले, इसके लिए भजनलाल सरकार हर संभव प्रयास करेगी।
सोमवार को भीलवाड़ा सर्किट हाउस पहुंचे मंत्री रावत ने कहा कि टेक्सटाइल उद्यमियों की यह मांग काफी समय से लंबित थी। बजट में टेक्सटाइल मशीनों के आयात पर लगने वाले 18 प्रतिशत शुल्क को समाप्त कर दिया है। इस फैसले से भीलवाड़ा की कपड़ा मिलों में मशीनों का आधुनिकीकरण होगा और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, नेशनल फाइबर स्कीम का लाभ भीलवाड़ा के उद्योग को मिलेगा।
रावत ने कहा कि 12 लाख 20 हजार करोड़ का यह बजट देश के विकास का रोडमैप है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 15 हजार माध्यमिक विद्यालयों में 'कंटेंट क्रिएटर लैब' स्थापित किए जाएंगे और जिला मुख्यालयों पर बालिका छात्रावासों का निर्माण होगा।
प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग कर रहे पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर मंत्री रावत ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं को अपने घर की दुकान समझ लिया था। यही कारण है कि डोटासरा के पूरे परिवार का आरएएस में चयन हो गया। पूर्ववर्ती सरकार ने युवाओं के भविष्य का मजाक बनाया। रावत ने कहा कि हाल ही आरपीएससी मेंबर ने खुलेआम पैसे देकर मेंबर बनने की बात कबूली है, जो कांग्रेस के भ्रष्टाचार का सबूत है।
जल जीवन मिशन पर रावत ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय इस मिशन में घोटाले-दर-घोटाले हुए। इससे योजना अधर में लटक गई। दोषी अधिकारी और मंत्री जेल तक गए। भाजपा सरकार आने के बाद अब मिशन का काम पूरा किया जा रहा है ताकि हर घर जल पहुंच सके।
रावत ने कहा कि जल संसाधन विभाग की जमीन का सर्वे करवाया जाएगा। जहां भी अतिक्रमण हो रहा है उसे मुक्त कर जिस विभाग को जमीन की जरूरत है उन्हें दी जाएगी। मातृकुण्डिया से मेजा बांध तक आने वाली नहर को लेकर भी एक रिपोर्ट विभाग से मांगी जाएगी ताकि वहां से आने वाला पानी रास्ते में बर्बाद न हो।
इससे पूर्व भीलवाड़ा पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल और भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी ने मंत्री रावत का स्वागत किया। मंत्री ने जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू से भी जिले के विकास कार्यों और योजनाओं पर चर्चा की। रावत बाद में नोगावा के पास स्थित एक तालाब का निरीक्षण किया। यहां 45 लाख की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है।