- वाहन मालिकों से हो रही फर्जी वसूली, शिकायत पर भी नहीं मिल रहा समाधान -टोल प्लाजा पर मनमानी
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे में खड़ी कार का आसींद के पारा टोल प्लाजा पर फास्टैग से 75 रुपए टोल कटने का मामला सामने आया है। कार मालिक का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आए दिन हो रही हैं। पारा टोल प्लाजा जहाजपुर से करीब 225 किलोमीटर दूर है, ऐसे में वाहन के वहां से गुज़रने का सवाल ही नहीं उठता। इसके बावजूद फास्टैग से पैसे कट गए। जबकि कार के पिछले पहिए में खराबी होने से 12 दिन से घर के बाहर खड़ी है।
शिकायत नंबर पर भी नहीं मिल रहा जवाब
वाहन मालिक सतीश जैन ने जब टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की तो वहां से भी कोई समाधान नहीं मिला। जैन का कहना है कि बार-बार फोन करने के बावजूद न तो कॉल रिसीव हो रहा है और न ही शिकायत दर्ज हो पा रही है। उनका कहना है कि 20 अगस्त की रात 8:25 बजे टोल से वाहन का निकलना बताया तथा राशि की कटौती 21 अगस्त को सुबह 6:57 बजे हुई।
रोजाना हो रही कटौती, वाहन मालिक परेशान
स्थानीय लोगों के अनुसार जहाजपुर में खड़े रहने के बावजूद फास्टैग से अमान्य टोल कटौती की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कई बार एक ही वाहन से एक दिन में दो-दो कटौतियां तक हो चुकी हैं। वाहन मालिकों का कहना है कि यह समस्या अब केवल जहाजपुर तक सीमित नहीं रहीं।
वाहन मालिकों की मांग
टोल प्लाजा की तकनीकी खामियों की जांच हो। गलत तरीके से काटी गई राशि को तुरंत वापस किया जाए।
फास्टैग सिस्टम पर निगरानी बढ़ाई जाए। उधर जानकारों का कहना है कि यह साइबर का मामला है।