भोपाल

एमपी में कर्मचारियों के महंगाई भत्ते पर बड़ा अपडेट, 3 प्रतिशत बढ़ोत्तरी को मिल सकती है मंजूरी

DA Hike- मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता बढ़ाने के प्रस्ताव को सरकार हरी झंडी दे सकती है

2 min read
Mar 17, 2026
3% Hike in Dearness Allowance in MP May Receive Approval Today ( File Photo - patrika )

DA Hike- एमपी में सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को आज बड़ी सौगात मिल सकती है। राज्य कैबिनेट आज महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दे सकती है। सीएम मोहन यादव ने होली के मौके पर प्रदेश के कर्मचारियों, अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोत्तरी का ऐलान किया था। मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता बढ़ाने के इस प्रस्ताव
को सरकार हरी झंडी दे सकती है। बैठक में करीब एक दर्जन अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

राजधानी भोपाल में कैबिनेट की बैठक दोपहर बाद होगी। इस बैठक में प्रदेश के कल्याण से जुड़े 12 से ज्यादा प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के किसानों के हितों को देखते हुए सिंचाई से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए जा सकते हैं। राज्य में सडक़ों के विस्तार और स्कूली शिक्षा से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार विमर्श किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें

सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहुंचे दिल्ली, एमपी में राजनैतिक अटकलें तेज

महंगाई भत्ता देने संबंधी प्रस्ताव को मिल सकती है मंजूरी

कैबिनेट की बैठक में कई अन्य विकास कार्यों को भी गति मिल सकती है। खास बात यह है कि प्रदेशभर के सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स के लिए यह बैठक बेहद अहम साबित हो सकती है। इसमें राज्य सरकार के कर्मचारी व पेंशनरों को महंगाई भत्ता देने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।

बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली पर कर्मचारियों व पेंशनरों को देय महंगाई भत्ता में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की
घोषणा की थी। वित्त विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सीएम की घोषणा के पालन में प्रस्ताव को कैबिनेट बैठक में लाया जाना है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही राज्य सरकार के कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स को इसका विधिवत लाभ मिलेगा।

बता दें कि मध्यप्रदेश सरकार ने होली से पहले 12 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को भत्ता बढ़ाने की बड़ी सौगात दी थी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने राज्य के कर्मचारियों का तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने क​हा था कि होली के शुभ अवसर पर राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 58 प्रतिशत करने का निर्णय किया है।

सीएम मोहन यादव ने बताया कि सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल (पेड इन मई) 2026 के वेतन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। उन्होंने भत्ता बढ़ाने के साथ ही एरियर के संबंध में भी अहम ऐलान किया था। सीएम की घोषणा के अनुसार जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि मई 2026 से प्रारंभ होकर 6 समान किस्तों में दी जाएगी।

Updated on:
18 Mar 2026 12:40 pm
Published on:
17 Mar 2026 08:39 am
Also Read
View All