भोपाल

दंतेवाड़ा नक्सली हमले के बाद मध्य प्रदेश अलर्ट, गृहमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार को बताया जिम्मेदार

- दंतेवाड़ा नक्सली हमले के बाद एमपी में अलर्ट- बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले में अलर्ट- हॉक फोर्स और पुलिस को मिले निगरानी के निर्देश- एमपी के गृहमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला

2 min read
दंतेवाड़ा नक्सली हमले के बाद मध्य प्रदेश अलर्ट, गृहमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार को बताया जिम्मेदार

छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुए बड़े नक्सली हमले मध्य प्रदेश भी अलर्ट मोड पर आ गया है। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिलों में हॉक फोर्स और पुलिस को निगरानी रखने के निर्दश दिए गए हैं। वहीं, राज्य के बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले में अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने तीनों जिलों में हॉक फोर्स को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। यही नहीं, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस नक्सली हमले का जिम्मेदार छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को बताया है।


छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले के बहाने गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, दो प्रदेश की सरकारें आमने सामने हैं। दो दिन, तीन दिन पहले का मध्य प्रदेश है और कल का छत्तीसगढ़ है। दो सरकार हैं एक मध्य प्रदेश की और एक छत्तीसगढ़ की। दो पार्टियां एक कांग्रेस एक भाजपा।


नरोत्तम मिश्रा का छत्तीसगढ़ सरकार पर बड़ा हमला

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है तो वहां नक्सली हमला कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार है तो यहां पुलिस हमला कर रही है और नक्सली मारे जा रहे हैं। डेढ़ करोड़ के इनामी आठ बड़े नक्सली मध्य प्रदेश में ढेर किए गए हैं। पुलिस और हॉक फ़ोर्स ने मार गिराए। पुलिस और हॉक फ़ोर्स को बधाई। एमपी में कानून का राज है, शिवराज सिंह की सरकार है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जो असंवैधानिक गतिविधि करता है उसमें लिप्त रहता है, माफिया राज स्थापित करता है, नक्सली राज स्थापित करता है। वे मध्यप्रदेश में पनप नहीं सकता है, उसे जड़ से उखाड़ दिया जाएगा।


नक्सली हमले में 10 जवान और 1 चालक शहीद

बता दें कि, बुधवार को छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सली हमले में 10 जवान और 1 वाहन चालक शहीद हुए हैं, जिनका गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया है। बता दें कि, नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों के वाहन को बम से उड़ा दिया। इस वारदात के बाद प्रदेश में फिर से नक्सलियों की घातक गतिविधियां सामने आई हैं।


एमपी में अलर्ट

बालाघाट में हाल ही में दो इनामी महिला नक्सलियों को मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस को आशंका है कि नक्सली बदले की भावना से किसी वारदात को अंजाम न दें। इसलिए भी मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी करते हुए पुलिस और हॉक फोर्स की निगरानी बढ़ाई गई है। वहीं, बुधवार की वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सलियों का मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में घुसने का भी संदेह है।

Published on:
27 Apr 2023 02:11 pm
Also Read
View All