राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय: रिस्पॉन्स शीट जमा नहीं कर सका संविदा शिक्षक तो उजागर हुआ मामला
भोपाल. राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स के चौथे सेमेस्टर (ओल्ड स्कीम) के तहत मैकेनिकल ब्रांच के छात्रों के थर्मोडायनेमिक्स विषय की परीक्षा लिए बिना ही उन्हें अंक देने का मामला सामने आया है।
हैरानी की बात यह है कि 10 जून को सिर्फ चार छात्रों की परीक्षा होनी थी। लेकिन जिस संविदा शिक्षक को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी वह छात्रों की रिस्पॉन्स शीट परीक्षा शाखा में जमा नहीं करा सका। ऐसे में यह लापरवाही सामने आई। सवाल यह उठ रहा है कि बिना रिस्पॉन्स शीट के मूल्यांकन कैसे किया गया तो इसका जवाब किसी के पास नहीं है। यह गड़बड़ी प्रबंधन के सामने आई तो 9 जुलाई को यह परीक्षा दोबारा आयोजित की गई। वहीं संविदा शिक्षक नवीन यादव को चेतावनी पत्र जारी किया गया
है। ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो सके।
सूत्रों के अनुसार शिक्षक द्वारा वास्तविकता में न तो पेपर सेट किए और न ही पेपर लिए। लेकिन छात्रों को अंक देकर उनका रिजल्ट तैयार कर दिया गया। रिजल्ट घोषित करने से पहले रिस्पांस शीट मांगी गई तो वे जमा नहीं करने के पीछे तकनीकी खराबी का कारण बताने लगे। इसके बाद पॉलिटेक्निक की परीक्षा समिति में यह प्रकरण पहुंचा। जिसमेंलिए गए निर्णय के अनुसार इन छात्रों की दोबारा परीक्षा ली गई है। वहीं संबंधित शिक्षक को सिर्फ चेतावनी जारी करने को कहा गया है।
तर्क-डाउनलोड नहीं हो रही शीट
संबंधित फैकल्टी का तर्क है कि तकनीकी खराबी के कारण रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड नहीं हो पा रही है। जबकि तकनीकी खराबी होती तो छात्रों के नंबर भी पता नहीं चलते। लेकिन छात्रों को नंबर दे दिए गए।
यह पूरा प्रकरण परीक्षा समिति के समक्ष रखा गया। दोबारा परीक्षा ली गई। संबंधित शिक्षक को फटकार लगाई गई है। उन्हें वार्निंग लेटर भी जारी किया गया है। जिससे यह लापवाही दोबारा ना हो सके।
डॉ. आरके श्रीवास्तव, प्राचार्य पॉलीटेक्निक, आरजीपीवी