Bhopal News: शहर के सबसे पॉश चार इमली इलाके में रहने वाले और अरेरा हिल्स स्थित एक बड़े विभाग में पदस्थ सीनियर आइएएस के बंगले से 24 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे विदेशी नस्ल का कुत्ता अचानक गुम हो गया।
Bhopal News: सोशल मीडिया और इन पर छाए इंलूएंसर्स की ताकत समझने के लिए यह खबर काफी है। भोपाल में एक वरिष्ठ अधिकारी का विदेशी कुत्ता फ्रेंच बुलडॉग वीवीआइपी इलाके चार इमली से चोरी हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। हालांकि, बुलडॉग के चोरी रिपोर्ट नहीं लिखाई गई लेकिन पुलिस अपने स्तर से कुत्ते की तलाश में जुटी रही।
इस बीच वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की पत्नी ने कुत्ते को खोजने की जिमेदारी शहर के प्रमुख सोशल मीडिया इंलूएंसर्स की दी। उन्होंने फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया में इस सूचना को प्रसारित किया। और कुत्ता सकुशल बरामद कर लिया गया।
दरअसल, हुआ यूं कि शहर के सबसे पॉश चार इमली इलाके में रहने वाले और अरेरा हिल्स स्थित एक बड़े विभाग में पदस्थ सीनियर आइएएस के बंगले से 24 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे विदेशी नस्ल का कुत्ता अचानक गुम हो गया। कुत्ते के गायब होने से बंगले पर लगे नौकरों में खलबली मच गई। इतना महंगा और दुलारा कुत्ता गायब हुआ तो घर में काम करने वाले नौकर परेशान हो गए।
आइएएस अफसर की पत्नी ने नौकरों के जरिए संभावित जगहों पर कुत्ते की खोजबीन करवाई, लेकिन नतीजा सिफर रहा। फिर आइएएस अफसर की पत्नी ने पुलिस और प्रशासन को इस मामले में शामिल न कर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को कुत्ते की खोजबीन की जिमेदारी दी।
एक ’लापता’ का पोस्ट डाला गया और कुत्ते की तस्वीर शेयर कर लिखा गया- ’यह फ्रेंच डॉग 24 जुलाई को दोपहर 12 बजे चार इमली से लापता हो गया है, जिस किसी को दिखे तो कृपया संबंधित नंबरों पर संपर्क करें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी शेयर की गई तो इंफ्लूएंसर्स की मुहिम रंग लाई। आखिरकार, शहर के कोलार उपनगर इलाके से लापता हुआ कुत्ता बरामद हो गया। पता चला कि सीनियर आइएएस के फ्रेंच बुलडॉग को बंगले के बाहर से एक शख्स उठाकर अपने घर ले गया था। 48 घंटे बाद कुत्ते के मिलने के बाद आइएएस दंपती ने राहत की सांस ली। फिलहाल इस मामले में कहीं कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।