Bhopal Upper Lake : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में श्रीनगर की डल झील की तर्ज पर बड़े तालाब में शिकारे चलाए जाएंगे. इस खबर के बाद लोग बेहद खुश हैं।
Bhopal Upper Lake: राजधानी की शान कहलाने वाले बड़े तालाब में जल्द ही डल झील की तर्ज पर शिकारे चलाए जाएंगे। नगर निगम ने पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने और बड़ी झील को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह प्रोजेक्ट लॉन्च किया गया है।
शुक्रवार को महापौर और नगर निगम कमिश्नर सहित अन्य जनप्रतिनिधि इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के लिए मौके पर पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे बोट क्लब पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, सांसद, पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारी शामिल होंगे।
एनजीटी के आदेश पर राजधानी की बड़ी झील में क्रूज का संचालन बंद हो गया है। जिससे आने वाले पर्यटक नौका विहार से वंचित हो रहे थे। निगम भोपाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटकों-सैलानियों की सुविधा के तहत झील में शिकारे चलाने का निर्णय लिया गया है।
नगर निगम झील संरक्षण प्रकोष्ठ की ओर से छोटा तालाब में इस समय 155 नाव चलाने के लाइसेंस जारी किए गए हैं। बड़ा तालाब में भी स्पोर्ट्स एक्टिविटी, एमपी टूरिज्म बोर्ड एवं प्राइवेट वेंडर्स को 160 लाइसेंस जारी किए हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में तालाब के प्रदूषण का मुद्दा उठने के बाद नगर निगम जल्द ही डीजल- पेट्रोल से चलने वाली बोट बड़ा तालाब में प्रतिबंधित करने जा रहा है। इसके विकल्प में प्राइवेट वेंडर को रोजगार के लिए शिकारे चलाने की अनुमति दी जाएगी।