भोपाल

आस्था : सर्दी बढ़ते देख शहर के मंदिरों में शुरू हुए कई तरह के जतन

मंदिरों में शुरू हुए कई तरह के जतन

2 min read
Dec 18, 2019
आस्था : सर्दी बढ़ते देख शहर के मंदिरों में शुरू हुए कई तरह के जतन

भोपाल/ राजधानी में पिछले दो तीन दिनों से लगातार सर्दी बढ़ती जा रही है। सर्द बर्फीली हवाओं के कारण दिन में भी ठंडक है। ठंड से बचने के लिए लोग तो तरह-तरह के जतन कर ही रहे हैं, साथ ही मंदिर समितियां भी भगवान को सर्दी से बचाने के लिए जुगत कर रही हैं। कहीं सर्दी से बचाव के लिए भगवान को शॉल, गर्म कपड़े, टोपी पहनाई जा रही है, तो कहीं मंदिर के गर्भगृह में अलाव जलाए जा रहे हैं।

बांके बिहारी गर्म पेय पदार्थों का भोग

पुराने शहर के तलैया स्थित बांके बिहारी मंदिर में भगवान बांके बिहारी और प्रिया रानी को ऊनी टोपा और कपड़े पहनाए गए हैं। इसके साथ ही भगवान को गर्म पेय पदार्थों का भोग लगाया जा रहा है। पं. रामनारायण आचार्य ने बताया कि मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद यह माना जाता है कि प्रतिमा में भी प्राण आ जाते हैं। इसलिए मंदिर में भगवान की सभी व्यवस्थाओं का विशेष ख्याल रखा जाता है।

बड़वाले महादेव मंदिर

कायस्थपुरा स्थित बड़वाले महादेव मंदिर में भी भगवान को गर्म कपड़े धारण कराए गए हैं। यहां भगवान को सर्दी से बचाने के लिए गर्भगृह में अलाव भी जलाए जा रहे हैं। मंदिर समिति के संजय अग्रवाल ने बताया कि मंदिर के गर्भग्रह में मौसम के हिसाब से व्यवस्था की जाती है। इन दिनों सर्दी अधिक है, इसलिए अलाव जलाए जा रहे हैं।

बागम्बरी मंदिर में ओढ़ाई शॉल

तुलसी नगर स्थित बागम्बरी मंदिर में सर्दी के चलते हनुमानजी, राधा कृष्ण, शंकर भगवान सहित अन्य विराजमान देवी देवताओं को गर्म शॉल ओढ़ाई गई है।


गर्भगृह के बाहर रूई के पर्दे

शीतकाल शुरू होते ही श्रीजी मंदिर में गर्भगृह के बाहर 15-15 फीट ऊंचे रूई के पर्दे लगाए और सभी रोशनदानों को भी ढक दिया है। गर्भगृह में सर्द हवाओं का प्रवेश न हो इसके लिए यह किया गया है। मंदिर के श्रीकांत शर्मा ने बताया कि वसंत पंचमी तक प्रभु किसी भी उत्सव के लिए गर्भगृह के बाहर नहीं निकलेंगे। इसके साथ ही कोयले की सिगड़ी की व्यवस्था भी की जा रही है।

Published on:
18 Dec 2019 07:29 am
Also Read
View All