भोपाल

वित्त मंत्री के बंगले के सामने लिपिकों ने डाला डेरा, देर शाम हुई गिरफ्तारी

वित्त मंत्री से दो बार चर्चा, पर कर्मचारी बोले, जब तक लिखित आदेश नहीं मिलेगा जारी रहेगा धरना

2 min read
Sep 06, 2018
Clerical movements

भोपाल. लिपिकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मंत्रालय में पिछले एक सप्ताह से क्रमिक अनशन कर रहे लिपिकों ने बुधवार को अचानक वित्त मंत्री जयंत मलैया के बंगले का घेराव कर दिया। सुबह 11 बजे से यहां लिपिक पहुंच गए थे। इस दौरान लिपिकों ने महात्मा गांधी के फोटो और गांधीजी के पोस्टर गले में लटकाकर धरना दिया। दोपहर बाद सुंदरकांड किया गया। यहां देर शाम को कर्मचारी दाल बाटी बनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस बल ने कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

कंडे, दाल, आटा भी मंगाया
शाम के भोजन के लिए कर्मचारियों ने दाल बाटी बनाने की योजना बनाई थी। इसके लिए बोरियों में कंडे, आटा, दाल, मसाले सहित जरूरी सामान लाना दोपहर से ही शुरू हो गया था। पुलिस ने दाल बाटी नहीं बनाने की समझाइश दी। कर्मचारी नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। धरने में लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के मनोज वाजपेयी, महमूद खान, राजकुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

दोपहर में वित्त मंत्री ने कहा, टूट गया ना वादा, बस

दोपहर में वित्त मंत्री जयंत मलैया बंगले पर लौटे। कर्मचारियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बाद भी हमारी मांग पूरी नहीं हो रही है। कर्मचारियों ने कहा कि आपने भी वादा किया था कि हमारी मांगों का निराकरण करेंगे, लेकिन लगातार वादाखिलाफी हो रही है। इसके बाद मलैया ने कर्मचारियों से कहा कि टूट गया ना वादा, बस, इतना कहकर बंगले के अंदर चले गए। इसके बाद वित्त मंत्री ने दो बार कर्मचारी नेताओं को भी बुलाया। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के सुधीर नायक ने बताया कि हमने स्पष्ट कह दिया है कि आश्वासन नहीं हमें लिखित आदेश चाहिए। जब तक हमें आदेश नहीं मिलता, हमारा विरोध जारी रहेगा।

साक्षरता संविदा प्रेरकों ने भीख मांगकर किया प्रदर्शन

भोपाल. साक्षरता संविदा प्रेरकों ने बुधवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। साक्षरता संविदा प्रेरक मोर्चे के प्रदेश प्रभारी संदीप गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के 30 जिलों में प्रेरक निर्धारित स्थान पर एकत्रित हुए और भीख मांगकर विरोध दर्ज कराया। इन सभी जिलों में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित दो सूत्रीय ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा।

Published on:
06 Sept 2018 07:04 am
Also Read
View All