
Dearness Allowance Hike : मध्यप्रदेश में महंगाई भत्ता में वृद्धि की गई है। इसकी स्वयं सीएम मोहन यादव ने घोषणा की। प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। केंद्र सरकार और इसके बाद कई राज्य सरकारों द्वारा कर्मचारी, अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया था। मध्यप्रदेश में भी इसकी मांग उठ रही थी। अधिकारियों, कर्मचारियों की मुखर होती आवाज के बाद सीएम मोहन यादव ने भत्ता बढ़ाने की घोषणा कर दी। यह जनवरी से देय होगा। सरकार एरियर्स भी देगी जिसका भुगतान किस्तों में किया जाएगा। सीएम मोहन यादव ने पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत बढ़ाने की घोषणा की है।
केंद्र सरकार ने 2 दिन पहले ही महंगाई भत्ते में वृद्धि का ऐलान किया था। इसके बाद मध्यप्रदेश सरकार पर भी डीए में बढ़ोत्तरी करने का दबाव बढ़ गया था। कर्मचारी, अधिकारी और उनके संगठन भी इसके लिए मांग उठाने लगे थे।
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पेंशनरों को एक जनवरी 2026 से लंबित 2 प्रतिशत और एक जुलाई 2026 से 3 प्रतिशत सहित कुल 5 प्रतिशत महंगाई राहत देने की मांग की। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष आमोद सक्सेना ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के साथ ही मुख्य सचिव और वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी पत्र लिखकर शीघ्र भुगतान आदेश जारी करने का आग्रह किया। पेंशनर्स ने केंद्र सरकार के 28 अक्टूबर के निर्णय के अनुरूप राहत देने की मांग उठाई।
एसोसिएशन के संरक्षक गणेश दत्त जोशी ने कहा कि महंगाई राहत कोई सुविधा नहीं, बल्कि बढ़ती महंगाई के बीच पेंशनरों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है। उन्होंने दोनों अवधियों की महंगाई राहत के साथ समस्त एरियर्स का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। भोपाल जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने उम्मीद जताई थी कि सरकार वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों की आर्थिक कठिनाइयों को देखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।
कर्मचारी, अधिकारी और पेंशनर संगठनों के बढ़ते दबावों के बीच सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में वृद्धि की घोषणा कर दी। उन्होंने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया में दी।
शुक्रवार को महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि के जानकारी देते हुए सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
राज्य सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 2% की वृद्धि करने जा रही है। यह जनवरी से देय होगी।
जनवरी से सितंबर, नौ माह के एरियर्स का भुगतान तीन समान मासिक किश्तों में किया जाएगा। अक्टूबर माह के वेतन (नवंबर में देय) से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नगद भुगतान होगा।
पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत में जुलाई 2026 से 2% वृद्धि की जाएगी। सरकार पेंशनर्स और कर्मचारियों के हितों में सदैव साथ खड़ी है।