भोपाल

एमपी के 5 बड़े नेताओं को भारी पड़ा राष्ट्रीय नेतृत्व का फैसला, दिल्ली में कम हुआ दखल

MP BJP : एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद अनेक नेताओं के राजनैतिक पुनर्वास की जागी थी आस, राज्यसभा जाने के अरमानों पर पानी फिरा
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 3:31 PM IST
decision by the national leadership proves costly for prominent mp leaders
representative picture (patrika)

MP BJP : मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर उम्मीदवार का ऐलान कर दिया गया है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को राज्यसभा में भेजने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व का यह फैसला, एमपी के करीब आधा दर्जन बड़े नेताओं को भारी पड़ गया है। इन नेताओं को सांसद बनने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। हरदीप पुरी को राज्यसभा भेजने के फैसले से दिल्ली में एमपी का प्रतिनिधित्व बढ़ने की आस भी पूरी नहीं हो सकी। एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद एमपी के अनेक नेताओं के राजनैतिक पुनर्वास की बात उठी थी हालांकि ऐसा नहीं हो सका।

भोपाल में दो दिन पहले भाजपा कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई थी। इसमें मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा की गई थी। सीएम हाउस में हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे।

प्रदेश प्रभारी के समक्ष प्रमुख रूप से राज्य के 5 नेताओं की दावेदारी रखी गई। मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए प्रदेश के 3 आदिवासी और 1-1 दलित व सवर्ण नेताओं के नाम रखे गए थे। सूत्रों के अनुसार कोर कमेटी में बनी सहमति के बाद इन नामों का पैनल बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था।

आलाकमान ने कर दिया था इशारा

इसमें पूर्वमंत्री लालसिंह आर्य, अरविंद भदौरिया, रंजना बघेल के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और सिंगरौली की चितरंगी से पूर्व विधायक अमर सिंह के नाम शामिल थे। प्रदेश के कुछ अन्य नेताओं को भी राज्यसभा जाने की उम्मीद थी लेकिन पार्टी के ऐलान ने सभी की उम्मीदें खत्म कर दीं। बीजेपी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नाम की घोषणा कर दी। इससे कई नेता निराश हुए हैं। हरदीप ​पुरी को उम्मीदवार बनाने की घोषणा के साथ ही प्रदेश के इन 5 वरिष्ठ नेताओं के साथ ही कुछ अन्य नेताओं के अरमानों पर भी पानी फिर गया है। वैसे पार्टी आलाकमान ने प्रदेश कोर कमेटी को पहले ही राज्यसभा के लिए किसी अन्य राज्य से उम्मीदवार बनाने का भी इशारा कर दिया था।

14 अक्टूबर को दिया इस्तीफा, 22 को घोषित कर दिए चुनाव

डॉ. एल मुरुगन ने 14 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद के साथ ही राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। तब से प्रदेश की यह सीट खाली है। निर्वाचन आयोग ने 22 अक्टूबर को राज्यसभा सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया था। इसके अनुसार प्रदेश में राज्यसभा के लिए एक खाली सीट पर 12 नवंबर को मतदान होगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना तथा इसके बाद परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।

Updated on:
28 Oct 2026, 3:31 PM IST
Published on: