Underwater City of Bhopal : भोपाल सांसद अलोक शर्मा ने संसद की स्थाई समिति की बैठक में शहर के बड़ा तालाब के भीतर कथित प्राचीन शहर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की मांग की है।
Underwater City of Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी में कई राज छुपे हुए हैं। ये रहस्य कभी-कभी इतिहास के नजरिए से सच होते हैं या सिर्फ एक कहानी बनकर रह जाते हैं। ऐसा ही एक रहस्य भोपाल के बड़ा तालाब यानी भोजताल के पानी के नीचे भी है, जिसे खोजने का जिम्मा बीजेपी सांसद आलोक शर्मा ने उठाया है। सांसद ने संसद की स्थायी समिति के समक्ष बड़ा तालाब में डूबे प्राचीन शहर का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने का प्रस्ताव रखा है।
दिल्ली में संसद भवन में आयोजित बैठक में भोपाल के सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि बड़ा तालाब के किनारे प्राचीन शहर के अवशेष देखे जा सकते हैं। किनारे स्थित दो मीनारें और प्राचीन दीवारें इसी शहर की हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वैज्ञानिक अध्ययन और शोध किया जाना चाहिए। भाजपा सांसद ने इस बात पर भी जोर दिया कि बड़ा तालाब में 11वीं सदी के अवशेष मौजूद हैं, जो पूरे भोपाल में भी फैले हुए हैं।
इतिहास में कई बार स्थानीय लोगों और इतिहासकारों ने इसकी खोज की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009-10 में भोपाल सर्कल के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने तालाब में डूबे महल और किले के अवशेषों की खोज का प्रस्ताव तैयार किया था। हालांकि, विशेषज्ञों की उपलब्धता की कमी के कारण केंद्रीय स्तर पर इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली।
आपको बता दें कि इसके बाद वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तालाब के अंदर वैज्ञानिक प्रशिक्षण कराने की बात कही थी, लेकिन उन्हें भोपाल नगर निगम से हरी झंडी नहीं मिली। ऐसा प्रयास 2016 में भी किया गया था। यह वह समय था जब सांसद आलोक शर्मा भोपाल नगर निगम के महापौर थे। हालांकि, इस बार भी यह काम रोक दिया गया था।