भोपाल

Odisha Train Accident: ट्रेन हादसे से शोक की लहर, एमपी सहित देशभर के सभी कार्यक्रम निरस्त

केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में भी होने वाले थे कई कार्यक्रम...। शिवराज का दौरा भी निरस्त...।

2 min read
Jun 03, 2023

ओडिशा के बालासोर रेल हादसे से देशभर में शोक की लहर है, जिसने भी यह घटना सुनी वो सिहर गया। इस घटना के बाद मध्यप्रदेश में भी शोक की लहर है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। मध्यप्रदेश के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी पीएम मोदी के 9 साल के उपलक्ष्य में होने वाले सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बालाघाट दौरा भी निरस्त हो गया है।

ओडिशा ट्रेन हादसे के बाद मध्यप्रदेश में भी शोक की लहर है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने वीडियो जारी कर कहा है कि ओडिशा के बालासोर जिले में एक गंभीर रेल दुर्घटना होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की दुखद मृत्यु हुई है इस दुर्घटना के कारण से पूरा देश स्तब्ध है। पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। वीडी शर्मा ने बताया कि ट्रेन दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 12 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने के साथ ही उनके परिवार जनों के साथ हम सब खड़े हैं।

इस दुखद घटना के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर देश के सबी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में भी कई कार्यक्रम होने वाले थे, उन सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। शर्मा ने कहा कि वे मध्य प्रदेश भाजपा की ओर से उन सभी लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं, इतनी बड़ी संख्या में आज लोग हमारे बीच से चले गए हम सब उनके साथ खड़े हैं। ऐसी घटना दुर्घटना ना हो भगवान से प्रार्थना है।

शिवराज बोले- अत्यंत दुखद

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की क्षमता प्रदान करने तथा घायलों की कुशलता एवं शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

कमलनाथ बोले- दुखद समाचार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि उड़ीसा में हुई ट्रेन दुर्घटना में 50 लोगों की मृत्यु और बहुत से लोगों के घायल हो जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि राहत और बचाव दल को शीघ्र सफलता मिले और अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।

Updated on:
03 Jun 2023 01:36 pm
Published on:
03 Jun 2023 01:32 pm
Also Read
View All