MP News: आरोपी दुकानदारों और छोटे कारोबारियों से पहचान बढ़ाता और भरोसा जीतता था। इसके बाद धीरे-धीरे नकली नोट (Fake 500 Note) चलाने की कोशिश करता था। इसलिए 500 का नोट लेते समय सावधान रहें...
MP News: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में नकली नोटों की सप्लाई करने वाले गिरोह को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सैफुल इस्लाम ने भोपाल को नकली नोटों (Fake 500 Note) के ट्रांजिट पॅवाइंट के रूप में इस्तेमाल किया था। आरोपी कम कीमत का लालच देकर बाजार में नकली करेंसी फैलाने का काम कर रहा था। आरोपी 500 रुपए के नकली नोट करीब 300 रुपए में बेचता था। वहीं 1 लाख रुपए की फेक करेंसी लगभग 70 हजार रुपए में सप्लाई की जाती थी। सस्ते में ज्यादा रकम मिलने के लालच में लोगों को जाल में फंसाया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि नकली नोट खपाने से पहले आरोपी बाजारों और दुकानों की रेकी करता था। वह पहले दुकानदारों और छोटे कारोबारियों से पहचान बढ़ाता और भरोसा जीतता था। इसके बाद धीरे-धीरे नकली नोट चलाने की कोशिश करता था। पुलिस को आशंका है कि स्थानीय संपर्कों की मदद से बाजार में नकली नोट फैलाए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार निकाह के बाद आरोपी भोपाल में रहकर पूरे नेटवर्क की योजना तैयार कर रहा था। पश्चिम बंगाल में बैठे उसके दूसरे साथी को नकली नोटों की सप्लाई और खपत की जानकारी दी जाती थी। फिलहाल भोपाल पुलिस आरोपी को लेकर पश्चिम बंगाल पहुंची है और दूसरे साथी की तलाश की जा रही है। कोहेफिजा पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों सहित पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।
जानकारी के बता दें कि बीते एक हफ्ते पहले कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक युवक से 500-500 के 280 नकली नोट (1.40 लाख) बरामद किए थे। आरोपी ने खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताया है। दरअसल, सैफिया कॉलेज मैदान के पास बुधवार को संदिग्ध युवक कम कीमत पर 500 के नोट किसी को देने आया था। पुलिस ने पकड़ा तो नाम सैफुल इस्लाम पिता अनवर उल इस्लाम (25) निवासी अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा भोपाल बताया।
जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें अलग-अलग सीरीज के जाली नोट मिले। एक आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहचान छिपाने आईफोन में यूके (+44) नंबर का उपयोग कर वाट्सऐप कॉलिंग करता था। पुलिस को संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी मिले। युवक ने स्वीकारा है कि पश्चिम बंगाल से नोट लाकर भोपाल सहित अन्य स्थानों पर खपाता था। तीन साल से कर रहा था। अब लगातार नए खुलासे हो रहे है।