27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में भीषण गर्मी का कहर, 4 दिन लू का अलर्ट जारी, यहां 46.5 डिग्री पहुंचा पारा

Heatwave Alert : मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में अगले 4 दिन लू चलने की चेतावनी दी है। वहीं, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है।
2 min read
Google source verification
Nautapa 2026

Nautapa 2026(photo-patrika)

Heatwave Alert : मध्य प्रदेश में मई के शुरुआती सप्ताह में चला आंधी-बारिश का दौर थमते ही गर्मी का कहर शुरु हो गया है। सूबे के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ये हैं कि, दोपहर में सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। मौसम विभाग ने इंदौर और उज्जैन संभाग के सभी जिलों में आगामी चार दिन लू चलने की चेतावनी जारी की है। जबकि, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि, बुधवार यानी आज राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अधिकतर शहरों में सुबह 8 बजे से ही तीखी धूप पड़ने लगी है। जबकि, दोपहर में गर्मी असहनीय होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश का सबसे गर्म शहर रतलाम बना हुआ है। बीते तीन दिन से यहां सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। बीते 24 घंटों में यहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, धार में 44.5 और उज्जैन में 44.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इंदौर में भी गर्मी का असर तेज बना हुआ है और यहां पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में तापमान 42.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि जबलपुर में 42 और ग्वालियर में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शिवपुरी का तापमान भी 44 डिग्री तक पहुंच गया।

11 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट

बताया जा रहा है कि, प्रदेश के बालाघाट, सिवनी, दतिया, टीकमगढ़, देवास, सीहोर, सागर, छिंदवाड़ा और रायसेन समेत 11 से ज्यादा जिलों में लू चल चलने की संभावना जताई गई है।

अभी राहत के आसार नहीं

ऐसा कहा जा रहा है कि पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों से आने वाली गर्म हवाओं की वजह से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन के तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है। उधर बिजली की बढ़ती खपत के चलते कई शहरों में लोड भी बढ़ गया है और लोग दिनभर कूलर और एसी के सहारे गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

विशेषज्ञों की सलाह

इसपर प्रशासन द्वारा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप के सीधे संपर्क में न आने की अपील की गई है। इसे लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी प्रदेशवासियों से दोपहर में धूप से जितना संभव हो बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।