
भोपाल में पकड़ाई उज्बेकिस्तान की महिला (Photo Source- Patrika)
Uzbek Woman Arrest :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना इलाके में पुलिस ने उज्बेकिस्तान की एक महिला को अवैध रूप से रहते हुए गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान निलुफर बखरोमोखा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद पश्चिम बंगाल निवासी साजिद हुसैन को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
मामले को लेकर शाहपुरा टीआई संतोष मकराम ने बताया कि, युवक और विदेशी महिला की जानकारी मकान मालिक के देने पर कार्रवाई की गई है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने ने बताया कि, मकान मालिक ने पुलिस को फोन कर बताया कि किराएदार साजिद हुसैन अचानक कमरे से सामान हटाने की तैयारी कर रहा था और बिना जानकारी दिए वहां से जाने वाला था। संदेह होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां एक विदेशी महिला मिली, जिसके पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। कमरे में रखा सामान भी पूरी तरह पैक था और बाहर ले जाने की तैयारी चल रही थी।
पूछताछ में पता चला कि निलुफर उज्बेकिस्तान की रहने वाली है। उसकी साजिद हुसैन से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद महिला करीब 10 दिन पहले भोपाल पहुंची थीं और साजिद के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। शुरुआती जांच में पुलिस को साजिद पर भी संदेह था, लेकिन दस्तावेजों की जांच में वह पश्चिम बंगाल का निवासी निकला। पुलिस ने उसका आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र को लेकर जांच कर रही है।
टीआई ने बताया कि, विदेशी नागरिक को अपने पास रखने और इसकी जानकारी स्थानीय थाने को नहीं देने के मामले में पुलिस साजिद की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि विदेशी महिला भारत कब और किस वीजा पर आई थी। इसके अलावा वह भोपाल आने से पहले किन शहरों में रुकी थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, विदेशी नागरिकों के ठहरने की सूचना स्थानीय थाने में देना जरूरी होता है। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मामला केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित है या इसके पीछे कोई अन्य संदिग्ध गतिविधि भी जुड़ी हुई है।
Updated on:
13 May 2026 09:57 am
Published on:
13 May 2026 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
