
ग्रामीणों ने खुद तैयार कर ली गांव की सड़क (Photo Source- Input)
MP News :मध्य प्रदेश के सतना जिले के अंतर्गत आने वाले मझगवां विकासखंड के हरिहरपुर पंचायत में इंसानियत और सामूहिक सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां एक आदिवासी गरीब परिवार की बेटी की विदाई में परेशानी न हो, इसके लिए ग्रामीणों ने बिना किसी सरकारी सहायता के खुद सड़क बना डाली। महज एक रात की मेहनत से करीब 250 मीटर लंबा कच्चा रास्ता तैयार कर दिया गया, जिससे अब बारात और वाहनों का आवागमन संभव हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार हरिहरपुर पंचायत स्थित आदिवासी बस्ती निवासी रंजना कोल पिता राजेश कोल के यहां मंगलवार 12 मई को बारात आनी है। परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और उनके घर तक पहुंचने के लिए ठीक रास्ता नहीं था। बरसों से सड़क की समस्या बनी हुई थी, जिससे गांव के लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार बस्ती के लोगों ने प्रशासन को सड़क संबंधी आवेदन दिया लेकिन औपचारिकताओं में सड़क निर्माण उलझा रह गया। इधर बेटी की शादी के मौके पर जब यह चिंता सामने आई कि बारात और विदाई में परेशानी होगी, तब पूरे गांव ने जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली।
समाज सेवी रीतेश त्रिपाठी बताते हैं कि लड़की के परिवार ने गांव वालों से अपनी समस्या बताई। तब ग्रामीणों ने सहयोग का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने आपस में सहयोग जुटाया। अच्छेलाल त्रिपाठी ने अपना ट्रैक्टर उपलब्ध कराया तो एक ग्रामीण ने जेसीबी की व्यवस्था दी जिससे मुरूम की खुदाई हो सके। इसके बाद गांव के युवाओं और बुजुर्गों ने श्रमदान कर रास्ते को समतल बनाया और देखते ही देखते सड़क तैयार हो गई। इसके लिए पहले कुछ झाड़ झंखाड़ काटे गए। फिर मुरुम डालकर श्रमदान से समतल सड़क का निर्माण किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि गांव की बेटी के सम्मान और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। लोगों ने बताया कि शासन-प्रशासन से सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, 250 मीटर पहले तक सड़क मौजूद थी, लेकिन आदिवासी बस्ती तक जाने का रास्ता नहीं था।
मामले को लेकर जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि, हरिहरपुर में ग्रामीणों द्वारा सड़क बनाने की जानकारी मिली है। तकनीकि अमले को इसका परीक्षण करने के लिए कहा गया है। जल्द ही यहां योजना के तहत सड़क निर्माण का प्रस्ताव लेकर कार्य स्वीकृत आदेश जारी किए जाएंगे। जो भी तकनीकि प्रशासनिक बाधाएं होंगी उसे पूरा कर मापदंडों के अनुकूल सड़क बनाई जाएगी।
Published on:
13 May 2026 09:27 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
